उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया.यहां शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही जान चली गई. मृतकों में मां, बेटा और पिता समेत एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं. घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरसातपुर अहिरानी गांव के पास हाईवे पर हुई. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो काफी तेज गति में थी, तभी सामने से आ रहे एक भारी ट्रेलर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह अंदर ही फंस गए. चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी.
सूचना मिलते ही दोहरीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची. वाहन की हालत इतनी खराब थी कि शवों को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. पुलिस ने सभी पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा है.
ADVERTISEMENT


