'मुझे बचा लो वरना ये मार देंगे...' मेरठ में माता-पिता ने बेटी को मारकर जलाई लाश, फिर ऑडियो क्लिप से खुला राज

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी पिता ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर 12वीं क्लास में पढ़ने वाली अपनी ही सगी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. सबूत मिटाने के लिए शव का गुपचुप अंतिम संस्कार भी कर दिया गया, लेकिन मृतका के एक आखिरी दर्दनाक ऑडियो ने इस पूरे पाप के खेल का पर्दाफाश कर दिया.

Meerut News
Meerut News

न्यूज तक

follow google news

Meerut Father killed daughter: समाज में पिता को हमेशा बेटी की ढाल और सबसे सुरक्षित साया माना जाता है. लेकिन जब वही रक्षक भक्षक बन जाए तो रिश्तों पर से विश्वास उठ जाता है. उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी ही सनसनीखेज वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. यहां भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में एक कलयुगी पिता ने अपनी दूसरी पत्नी (सौतेली मां) के साथ मिलकर अपनी 12वीं क्लास में पढ़ने वाली 17 साल की सगी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, पाप के इस खौफनाक खेल को छुपाने और सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने चुपचाप गढ़मुक्तेश्वर (ब्रजघाट) ले जाकर मृतका का अंतिम संस्कार भी कर दिया.

Read more!

मामा के पास पहुंची भांजी की आखिरी चीख

इस पूरे मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश तब हुआ जब मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा के पास किसी पड़ोसी का फोन आया और उन्हें भांजी की संदिग्ध मौत की सूचना मिली. जब तक मामा हापुड़ से मेरठ और फिर वहां से ब्रजघाट पहुंचते, तब तक आरोपियों ने अंतिम संस्कार की क्रिया पूरी कर दी थी. लेकिन गुनाह के पैर बहुत लंबे नहीं होते. मामा भूपेंद्र ने पुलिस को अपनी भांजी की मौत से ठीक पहले की इंस्टाग्राम और मौसी से हुई बातचीत का वो दर्दनाक ऑडियो सौंप दिया, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. ऑडियो रिकॉर्डिंग में मासूम बच्ची रोते हुए कह रही थी, "मामा से कह दो मुझे आकर यहां से ले जाएं, ये लोग मुझे मार डालेंगे, ये मुझे रोज मारते हैं और कभी भी मेरी हत्या कर देंगे."

4 साल से सह रही थी जुल्म

परिजनों के अनुसार, आरोपी पिता कपिल की शादी साल 2009 में प्रीति से हुई थी. उनके एक बेटा और एक बेटी हुए. लेकिन साल 2017 में प्रीति की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी, जिसे तब बेड से गिरना और हार्ट की बीमारी बताकर दबा दिया गया था. प्रीति की मौत के महज 6 महीने बाद ही कपिल ने पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली. सौतेली मां के घर आते ही 17 साल की मासूम बेटी के लिए घर नरक बन गया. पिछले 4 साल से वह मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही थी. आरोपी पिता और सौतेली मां उस पर कई तरह के झूठे आरोप लगाते थे और बात-बात पर मारपीट करते थे.

पुलिस पूछताछ में सामने आया सच

भावनपुर पुलिस ने जब मृतका के मामा की तहरीर और दर्दनाक ऑडियो सबूतों के आधार पर आरोपी पिता कपिल और सौतेली मां पिंकी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, तो वे ज्यादा देर झूठ नहीं टिक पाए और अपना जुर्म कबूल कर लिया. मेरठ पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, घटना की रात भी चरित्र और बातचीत करने को लेकर घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद इस खौफनाक कांड को अंजाम दिया गया. पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में केस दर्ज कर दोनों मुख्य अभियुक्तों को जेल भेज दिया है, जबकि अंतिम संस्कार में सहयोग करने वाले अन्य रिश्तेदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा के गोपाल शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश, एनकाउंटर में पकड़े गए तीनों आरोपी

    follow google news