उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने प्रेम और विश्वास के रिश्ते को तार-तार कर दिया है. हस्तिनापुर इलाके में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने के लिए ऐसी साजिश रची, जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई. जिस कलाई पर कभी सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें उकेरी गई थीं, उसी हाथ ने मोहब्बत का ऐसा दर्दनाक अंत किया कि सुनने वालों की रूह कांप जाए. UP Tak' की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी पत्नी दामिनी के हाथ पर बने एक टैटू और Google सर्च हिस्ट्री ने इस पूरे ब्लाइंड मर्डर केस का पर्दाफाश कर दिया है.
ADVERTISEMENT
कलाई पर टैटू की मिस्ट्री
साल 2019 में मेरठ के ग्राम भंडोरा के रहने वाले 35 वर्षीय अतुल पवार और दामिनी ने प्रेम विवाह (Love Marriage) किया था. दोनों मिलकर हस्तिनापुर के रामलीला मैदान के पास 'कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल' का संचालन करते थे. शादी के बाद दामिनी ने बड़े चाव से अपनी कलाई पर एक टैटू बनवाया था, जिस पर लिखा था- 'अतुल की गुजरी'. यह टैटू दोनों के अटूट प्यार की गवाही देता था. लेकिन समय के साथ दामिनी का दिल बदल गया और वह अपने ही स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के प्यार के जाल में फंस गई. इसके बाद 'अतुल की गुजरी' ने ही अतुल को मौत की नींद सुलाने की पटकथा लिख डाली.
Google पर ढूंढा दुनिया का सबसे जहरीला सांप, 15 हजार में सौदा
अतुल से पीछा छुड़ाने के लिए दामिनी और उसके प्रेमी तुषार ने इंटरनेट का सहारा लिया. दामिनी ने कई महीनों तक Google पर दुनिया के सबसे जहरीले सांपों के बारे में रिसर्च की. जब उसे 'करैत सांप' (Krait Snake) और उसके बेआवाज जानलेवा जहर के बारे में पता चला, तो उसने इसे ही हत्या का हथियार चुना. प्रेमी तुषार ने इंटरनेट से करैत सांप की फोटो डाउनलोड की और सपेरों (सोनू और उदय) को दिखाकर ठीक वही सांप लाने को कहा. इसके लिए सपेरों को ₹15,000 एडवांस दिए गए और करीब 7 दिन की तलाश के बाद सपेरा मौत का सौदागर यानी करैत सांप पकड़कर ले आया.
20 लाख का इंश्योरेंस और ड्राइवर से अवैध संबंध
शुक्रवार की सुबह दामिनी ने अचानक चीखते-चिल्लाते हुए परिजनों को बताया कि अतुल को सोते समय सांप ने काट लिया है. अतुल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बिस्तर से करैत सांप भी बरामद हुआ. पहली नजर में यह सामान्य घटना लगी, लेकिन मौके पर पहुंची हस्तिनापुर थाना पुलिस को सांप का व्यवहार और परिस्थितियां संदिग्ध लगीं.
पुलिस ने जब दामिनी की मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाली, तो वह ड्राइवर तुषार के साथ लगातार संपर्क में पाई गई. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर तुषार टूट गया और पूरी मर्डर मिस्ट्री खोल दी. पुलिस जांच में सामने आया कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे दो मुख्य वजहें थीं:
दामिनी और ड्राइवर तुषार के बीच अवैध प्रेम संबंध.
अतुल की 20 लाख रुपये की बीमा राशि (Insurance Money). दोनों इस रकम को हड़पकर आगे की जिंदगी साथ बिताना चाहते थे. इस रकम में से ₹5 लाख सांप का इंतजाम करने वाले सपेरों को देने का वादा किया गया था.
कार से एक्सीडेंट की भी हुई थी कोशिश
पुलिस की तफ्तीश में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 20 दिन पहले भी अतुल को अर्टिगा कार से टक्कर मारकर एक्सीडेंट में मारने की कोशिश की थी, लेकिन तब हेलमेट की वजह से अतुल की जान बच गई थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों में इस केस को सुलझा लिया और आरोपियों के फोन से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीरें भी बरामद की हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि गिरफ्तारी के बाद भी दामिनी के चेहरे पर पछतावे की एक लकीर तक नहीं है; उसने मीडिया के सवालों पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है.
ADVERTISEMENT


