उत्तर प्रदेश का मेरठ शहर. आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर के गेट से एक युवती सड़की की तरफ भागती है. वो सड़क पर गुजर रहे राहगीरों और वहां आसपास मौजूद लोगों से बचाने की गुहार लगाती है. ठीक उसके पीछे ही दौड़ रहा युवक सलमान उसे मारता है और सड़क पर गिरा देता है. फिर वो उसे उठाकर होटल के अंदर भागता है. वहां से गुजर रही एक युवती उसे रोकने की कोशिश करती है पर वो कुछ ऐसा बोलता है कि वो भी सहम जाती है और पीछे हट जाती है. इसके बाद जो होता है उसने पूरे मेरठ में हलचल मचा दी है. पुलिस ने मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी सलमान को पकड़ लिया है. आरोपी का रोते हुए का वीडियो भी सामने आया है जिसमें पुलिस गिरफ्त में वो माफी मांगते हुए दिख रहा है. साथ ही उस होटल को भी सील कर दिया है जहां युवती को बंधक बनाकर रखा गया था. चलिए बताते हैं ये पूरा मामला क्या है ?
ADVERTISEMENT
गाजियाबाद की रहने वाली है युवती
जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक युवती गाजियाबाद की रहने वाली है. बताया जा रहा है कि युवती का सलमान के साथ कथित तौर पर अफेयर था. बाद में किसी बात को लेकर दोनों में अनबन हो गई. सलमान ने किसी बहाने से युवती से मिलने की बात कही. वो उसे आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर में बुलाया. यहां जाने के बाद युवती को बंधक बना लिया. आरोपी ने युवती को पूरी रात प्रताड़ित किया. अगले दिन युवती किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर होटल से बाहर भागी. आरोपी ने सड़क पर ही उसे दोबारा पकड़ लिया और सरेराह उसकी पिटाई कर दी. इस दौरान युवती बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही. घटना का CCTV भी सामने आ गया है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा.
हिंदू संगठन के सचिन सिरोही ने UP Tak को बताई कहानी
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने बताया कि युवती ने उनसे पूरी आपबीती बताई है. गाजियाबाद की हिंदू युवती इस युवक सलमान को पिछले दो-ढाई सालों से जानती है. आरोपी उसे बहलाकर होटल में मिलने बुलाया. दरअसल युवती की कहीं और शादी तय हो गई थी. इस बात का पता चलते ही आरोपी ने उसे बुलाया. होटल में आते ही उसने युवती को बंधक बना लिया. आरोपी ने कहा कि या तो वो उसकी रहेगी या किसी और की नहीं होगी. उसने जान से मारने की धमकी दी. युवती जैसे-तैसे होटल से निकलकर भागी. आरोपी ने उसे बीच सड़क पर पकड़ लिया और सरेआम बीच बाजार में बाल पकड़कर मारा और उठाकर वापस होटल में ले गया. आरोपी शादीशुदा है और 3 बच्चों का पिता है. होटल में युवक को बिना आईडी के कमरा दिया गया.
होटल कर्मियों पर भी लगे आरोप
बिना आईडी यहां कमरा देने से लेकर आरोपी को कवरअप करने, युवती को बचाने के लिए लोगों के होटल में जाने पर उन्हें रोकने के आरोप लगे हैं. फिलहाल मेरठ पुलिस ने होटल को सील कर दिया है. उस कमरे को भी सील किया गया है जहां युवती को बंधक बनाया गया है. पुलिस ने साफ कहा है कि इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
छत के रास्ते भागा आरोपी सलमान
आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी सलमान छत के रास्ते से भागा. पुलिस ने मुछभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को पैर में चोट लगी है. हिंदू संगठन के सचिन सिरोही का आरोप है कि होटल कर्मियों ने ही आरोपी को पीछे के रास्ते से भगाने की कोशिश की है. पुलिस ने साफ कहा है कि मामले में यदि होटलकर्मी संलिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ भी एक्शन होगा. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होटल के संचालन और निर्माण से जुड़े पहलुओं पर कार्रवाई के लिए एमडीए और कैंटोनमेंट बोर्ड को भी पत्र लिखा गया है. पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
आरोपी रोते हुए चिल्लाया-गलती हो गई, माफ कर दो
आरोपी का एक वीडियो सामने आया है. इसमें वो पुलिसकर्मियों की कस्टडी में है और रोते हुए कह रहा है- गलती हो गई साब माफ कर दो. सर अब नहीं होगी कभी भी. मामले में एसएसपी मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति बताया कि मामले में मारपीट और दुष्कर्म करने की तहरीर मिली है. लोहिया नगर के ग्राम नरहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के पास आरोपी के छिपे होने की सूचना मिली थी. थाना लोहिया नगर और थाना सदर बाजार की टीम ने इसे घेरकर पकड़ने की कोशिश की. अपने आप को घिरा देखकर पुलिस पार्टी पर आरोपी ने फायरिंग की. इसके बाद भागने की कोशिश पुल पर चढ़कर. पुल से फिसलकर गिरने से दाहिने पैर और बाएं हाथ पर चोट लगी है. तत्काल आरोपी को हॉस्पिटल भेजा गया है और विधिक कार्रवाई की जाएगी.
एसएसपी मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति ने जिले के सभी होटल संचालकों को सख्ती से एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) लागू करने के निर्देश दिए हैं.। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि होटल में आने वाले लोगों की पहचान, जरूरी दस्तावेजों और एंट्री रजिस्टर के नियमों का पालन करना अनिवार्य है. किसी भी होटल में अनैतिक गतिविधियां या गलत धंधे संचालित होते पाए गए तो होटल संचालकों और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ट्रेन में सीट को लेकर बवाल! महिला और GRP कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट, 6 यात्रियों पर केस
ADVERTISEMENT


