मेरठ में मनचले की गंदी हरकत: सीसीटीवी ने खोली पोल, अब थाने में मांग रहा माफी

मेरठ के रेलवे रोड इलाके में स्कूटी सवार बिलाल ने एक किशोरी से छेड़छाड़ की, जिसका वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया. सोशल मीडिया पर आक्रोश बढ़ने के बाद पुलिस ने आरोपी को फर्जी नंबर वाली स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया. अब आरोपी थाने में कान पकड़कर माफी मांग रहा है.

meerut
meerut

उस्मान चौधरी

follow google news

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सिरफिरे युवक ने सड़क पर जा रही किशोरी के साथ सरेआम छेड़छाड़ की. पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बिलाल और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है.

Read more!

CCTV ने खोली पोल

घटना मेरठ के रेलवे रोड थाना क्षेत्र की है. कुछ दिन पहले का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैला, जिसमें एक नाबालिग लड़की पैदल सड़क किनारे जा रही थी. इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार होकर आए एक युवक ने उसके साथ बेहद शर्मनाक हरकत की और मौके से फरार हो गया. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला, जिसके बाद पुलिस महकमा हरकत में आया.

पुलिस की सख्ती 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के निर्देशन में टीम गठित की गई. तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान 'बिलाल' के रूप में की. जांच में पता चला कि आरोपी काफी समय से किशोरी को परेशान कर रहा था. पुलिस ने घेराबंदी कर बिलाल और उसके मददगार साथी को दबोच लिया.

शातिर था आरोपी, लगाई थी फर्जी नंबर प्लेट

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. आरोपी बिलाल ने वारदात के लिए जिस स्कूटी का इस्तेमाल किया था, वह किसी और की थी. पकड़े जाने के डर से उसने स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी और घटना के बाद वाहन को छिपा दिया था. हालांकि, उसकी यह चालाकी काम नहीं आई.

थाने में पकड़ने लगा पैर

हैरानी की बात यह है कि सड़क पर गुंडागर्दी दिखाने वाला आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आते ही भीगी बिल्ली बन गया. गिरफ्तारी के बाद बिलाल का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पुलिस स्टेशन के भीतर कान पकड़कर और हाथ जोड़कर अपनी गलती की माफी मांग रहा है. उसने वादा किया कि वह भविष्य में ऐसी गलती कभी नहीं करेगा.

एसपी सिटी ने साफ कहा है कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

 

    follow google news