मेरठ में पुलिस पर भीड़ का हमला, स्कूल बस कांड के आरोपी कलवा त्यागी उर्फ अभिषेक पकड़े गए थे, अब हुआ ये एक्शन

मेरठ में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने स्कूल बस में घुसकर मासूम को पीटा. हद तो तब हो गई जब आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भी भीड़ ने हमला बोल दिया. अब पुलिस ने एक्शन लेते हुए गुंडों का सारा नशा उतार दिया है.

 Meerut Crime News
Meerut Crime News

उस्मान चौधरी

follow google news

उत्तर प्रदेश के मेरठ में बदमाशों की दबंगई और पुलिस टीम पर हमले की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के कैली गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस एक अपराधी को पकड़ने पहुंची थी. दिनदहाड़े स्कूल बस में घुसकर एक बच्चे की बेरहमी से पिटाई करने के मामले में पुलिस की टीम संदिग्धों को हिरासत में लेने गई थी. लेकिन वहां मौजूद भीड़ ने पुलिस का ही रास्ता रोक लिया और कानून को ठेंगे पर रखने की कोशिश की.

Read more!

पुलिस टीम को भीड़ ने घेरा और की बदसलूकी

जब पुलिस की टीम आरोपी कलवा त्यागी उर्फ अभिषेक को पकड़ने गांव पहुंची, तो वहां हंगामा खड़ा हो गया. पुलिस उसे गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रही थी, तभी स्थानीय लोगों और विशेषकर महिलाओं की भीड़ ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया. सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई और उनके कॉलर तक पकड़े गए. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे आरोपी को छुड़ाने के लिए भीड़ ने सरकारी काम में बाधा डाली और पुलिस के साथ बदतमीजी की.

सरकारी काम में बाधा डालने वालों पर गिरेगी गाज

पुलिस प्रशासन ने इस हमले को बेहद गंभीरता से लिया है. लोहिया नगर थाने में दर्ज मुकदमे के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई थीं. पुलिस का कहना है कि जिन लोगों ने पुलिस टीम के साथ मुजामत (विरोध) की और हमला किया, उनके खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दो लोगों को हिरासत में भी लिया गया है. पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वर्दी पर हाथ डालने वालों और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

गुंडागर्दी करने वालों की सुधरी चाल और मांगी माफी

इस मामले के मुख्य आरोपी हरिकांत और मोहित पंडित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कल तक जो बदमाश स्कूल बस में घुसकर मासूमों पर कहर बरपा रहे थे, आज पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद उनकी चाल बदली हुई नजर आ रही है. वायरल वीडियो में आरोपी लंगड़ाते हुए और हाथ जोड़कर माफी मांगते दिख रहे हैं. आरोपियों का कहना है कि वे पकड़े जाने के डर से भाग रहे थे, जिस दौरान वे गिर गए और उन्हें चोट लग गई. अब वे भविष्य में ऐसी गलती न करने की कसम खा रहे हैं.

एक्शन मोड में मेरठ पुलिस और सख्त चेतावनी

लोहिया नगर पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य अभियुक्तों अर्कित, मोहित और हरीश को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब इन बदमाशों के पुराने रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि इनकी कुंडली तैयार की जा सके. एक तरफ स्कूल बस में मारपीट करने वालों पर शिकंजा कसा गया है, तो दूसरी तरफ पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की करने वालों की पहचान भी की जा रही है. मेरठ पुलिस के इस सख्त रुख से इलाके के बदमाशों में खौफ का माहौल बना हुआ है.

 

    follow google news