मेरठ की जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा राजपूत को किसने मार डाला?

उस्मान चौधरी

• 05:20 PM • 03 Jul 2026

मेरठ के सरूरपुर में जमीन विवाद और सोशल मीडिया रील्स को लेकर हुए झगड़े में पति ने अपनी इन्फ्लुएंसर पत्नी निशा चौहान की बच्चों के सामने बेरहमी से हत्या कर दी.

मेरठ के इंफ्लूएंसर की हत्या
मेरठ के इंफ्लूएंसर की हत्या
Google CTA

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने अपने ही बच्चों के सामने अपनी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्नी की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी. बीच-बचाव करने आया उनका मासूम बच्चा भी इस हमले में घायल हो गया है. पत्नी की जान लेने के बाद आरोपी पति ने उसी हथियार से खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह सनसनीखेज हत्याकांड मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा का है. मृतिका की पहचान 28 वर्षीय निशा चौहान (निशा राजपूत) के रूप में हुई है, जो कि इंस्टाग्राम पर एक पॉपुलर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं और साथ ही अपना ब्यूटी पार्लर भी चलाती थीं. इंस्टाग्राम रील्स के कारण सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी. निशा का विवाह प्रदीप नाम के युवक से हुआ था और वे अपने बच्चों के साथ रह रहे थे.

जमीन की रजिस्ट्री को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, निशा की सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता और रील्स बनाने की आदत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर अनबन रहती थी. लेकिन इस खूनी संघर्ष की तात्कालिक वजह एक प्रॉपर्टी का विवाद बनी. बताया जा रहा है कि दोनों ने हाल ही में एक जमीन खरीदी थी और उसकी रजिस्ट्री को लेकर गुरुवार को दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था. यह विवाद शुक्रवार (3 जुलाई) की सुबह भी जारी रहा और बात इतनी बढ़ गई कि प्रदीप ने अपना आपा खो दिया.

मासूम बच्चों के सामने मां पर किए ताबड़तोड़ वार

शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे प्रदीप घर में रखा एक धारदार हथियार उठा लाया और बच्चों के सामने ही निशा पर जानलेवा हमला कर दिया. मां को लहूलुहान देख बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे. इस दौरान माता-पिता के बीच आ रहे एक मासूम बच्चे को भी चोटें आईं. गंभीर चोटों के कारण निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. पत्नी की मौत के बाद आरोपी प्रदीप ने उसी हथियार से खुद पर भी वार कर लिए.

पुलिस की निगरानी में आरोपी पति का इलाज जारी

घर के भीतर से आ रही चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे तो अंदर का मंजर देखकर दंग रह गए. निशा मृत पड़ी थी और प्रदीप लहूलुहान हालत में बेहोश था. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सरूरपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए.

पुलिस ने मृतिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, गंभीर रूप से घायल आरोपी पति प्रदीप को पुलिस की कड़ी निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.