मेरठ: स्कूल ड्राइवर के प्यार में अंधी हुई पत्नी, दूध में नींद की गोली देकर सोए हुए पति को सांप से डसवाया

उस्मान चौधरी

18 Jul 2026 (अपडेटेड: Jul 18 2026 9:08 AM)

मेरठ के हस्तिनापुर में एक पत्नी ने प्रेमी (स्कूल ड्राइवर) और दो साथियों के साथ मिलकर 20 लाख रुपये की बीमा राशि के लिए अपने पति अतुल की हत्या कर दी. आरोपियों ने अतुल को दूध में नींद की गोली देकर बेहोश किया और बिस्तर में जहरीला सांप छोड़कर उसे डसवा दिया.

meerut
meerut
Google CTA

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है. जहां हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी. इस मर्डर मिस्ट्री को अंजाम देने के लिए किसी हथियार का नहीं, बल्कि एक जहरीले सांप का इस्तेमाल किया गया.

Read more!

शुरुआत में इस घटना को एक सामान्य हादसा दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन मेरठ पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया. पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है.

प्रेम विवाह का खौफनाक अंत

पुलिस के मुताबिक, ग्राम भंडोरा के रहने वाले 35 वर्षीय अतुल पंवार ने साल 2019 में दामिनी नाम की महिला से प्रेम विवाह किया था. दोनों हस्तिनापुर के रामलीला मैदान के पास 'कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल' चलाते थे. सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन इसी बीच दामिनी के संबंध स्कूल के ही ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से हो गए. दोनों के बीच प्रेम प्रसंग इस हद तक बढ़ गया कि उन्होंने अतुल को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया.

20 लाख का बीमा और हत्या का पूरा प्लान

इस खौफनाक साजिश के पीछे सिर्फ प्रेम संबंध ही नहीं, बल्कि लालच भी था. अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था. दामिनी और तुषार ने प्लान बनाया कि अतुल की मौत के बाद मिलने वाले बीमे के पैसे से वे दोनों शादी कर लेंगे और आराम से जिंदगी गुजारेंगे. इस काम में मदद के लिए उन्होंने सोनू और उदय नाम के दो और साथियों को शामिल किया. उन्हें बीमे की रकम में से 5 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था. तुषार ने दो सपेरों से एक बेहद जहरीला सांप खरीदा.

दूध में मिलाई नींद की गोलियां, फिर बिस्तर में छोड़ा सांप

गुरुवार की रात को योजना के मुताबिक दामिनी ने पति अतुल को दूध में भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिलाकर दे दीं. दूध पीते ही अतुल गहरी नींद में सो गया और बेहोश जैसा हो गया. इसके बाद तुषार अपने साथियों सोनू और उदय के साथ जहरीला सांप लेकर कमरे में दाखिल हुआ. उन्होंने चुपके से उस सांप को अतुल के कंबल के अंदर छोड़ दिया. सांप ने गहरी नींद में सोए अतुल को डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. शुक्रवार सुबह दामिनी ने खुद ही शोर मचाया कि अतुल को सांप ने काट लिया है और उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस को ऐसे हुआ शक, पहले भी हुआ था जानलेवा हमला

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मवाना के सीओ मौके पर पहुंचे. बिस्तर में सांप का मिलना और दामिनी का तुरंत यह दावा करना कि मौत सांप के काटने से हुई है, पुलिस को संदिग्ध लगा. आमतौर पर सांप इंसानों को देखकर छिपने की कोशिश करता है, लेकिन यहां वह चादर के अंदर था. इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाली.

जांच में दामिनी और स्कूल ड्राइवर तुषार के लगातार संपर्क में रहने की बात सामने आई. जब तुषार का मोबाइल चेक किया गया, तो उसमें एक डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली. पुलिस की सख्ती के आगे तुषार टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

पूछताछ में यह भी पता चला कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने अतुल को अपनी अर्टिगा कार से कुचलकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट पहनने के कारण अतुल की जान बच गई थी. तब दामिनी ने पुलिस केस करने से मना कर दिया था. फिलहाल पुलिस ने सांप को भी परीक्षण के लिए भेजा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.