Bareilly Jinn Story: बरेली के भोजीपुरा इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 19 साल के मोहम्मद अरमान नामक लड़के ने बुजुर्ग व्यापारी की हत्या कर दी. आरोपी का दावा है कि जब बादलों में बिजली चमकती थी और आंधी आती थी तो उसे हवा में उड़ते हुए सफेद घोड़े दिखाई देते थे. अरमान ने पुलिस को बताया कि एक जिन्न उसके कान में आकर बात करता था और उसी के कहने पर उसने इस हत्या को अंजाम दिया. फिलहाल आरोपी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. जांच में आराेपी के नशे का आदी होने और मानसिक रूप से बीमार होने का पता चला है.क्या है पूरा मामला चलिए जानते है इस खबर में...
ADVERTISEMENT
मॉर्निंग वॉक के दौरान ऐसे दिया वारदात को अंजाम
दरअसल, घटना वाले दिन धौराटांडा निवासी 65 साल के किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव अपनी पत्नी के साथ सुबह की सैर पर निकले थे. रास्ते से पत्नी वापस घर लौट गईं, लेकिन सियाराम आगे निकल गए. इसी दौरान सुनसान रास्ते पर अरमान ने पहले उन्हें अपनी कार से टक्कर मारकर नीचे गिराया. इसके बाद उनकी जान लेने के लिए कांच के टुकड़े से उनका गला रेत दिया और शरीर पर कई वार किए. कुछ देर बाद सड़क किनारे उनकी लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
सीसीटीवी फुटेज से खुला खूनी राज
घटना की जांच में जुटी पुलिस के लिए सबसे बड़ा मददगार सीसीटीवी कैमरा साबित हुआ. पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक संदिग्ध कार बुजुर्ग का पीछा करती हुई नजर आई. कार के नंबर के आधार पर जब पुलिस आगे बढ़ी तो वह गाड़ी आरोपी के पिता के नाम दर्ज मिली. एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्रा ने बताया कि शुरुआत में मृतक के परिवार ने पड़ोसियों पर शक जताया था पर जांच में उनकी कोई भूमिका नहीं मिली.
लड़की थी पहला निशाना, भीड़ की वजह से बदला प्लान
इस बीच पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि इस वारदात से पहले उसने एक लड़की को मारने का पूरा प्लान बनाया था. हालांकि, उस जगह काफी भीड़ होने के कारण वो अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया. इसके बाद जब उसे सुनसान सड़क पर अकेले सियाराम दिखाई दिए तो उसने उन पर हमला कर दिया. पुलिस की मानें तो अगर आरोपी वक्त रहते नहीं पकड़ा जाता तो वह एक के बाद एक कई और लोगों की जान ले सकता था.
पिता भी गिरफ्तार, सबूत छिपाने का लगा आरोप
इस पूरी खौफनाक घटना में आरोपी के पिता की भूमिका भी सामने आई है. जब पिता को पता चला कि उनके बेटे ने इतना बड़ा अपराध कर दिया है तो उन्होंने सच उजागर करने के बजाय सबूतों को छिपाने का काम किया. पुलिस ने आरोपी बेटे के साथ उसके पिता को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पिता का कहना है कि वे पेशे से ड्राइवर हैं और घटना वाले दिन सब सो रहे थे तभी उनका बेटा चुपके से वैन निकालकर ले गया था.
नशा और छूट चुकी दवाइयों ने बनाया हैवान
आरोपी पिछले डेढ़ साल से मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा था. लेकिन बीते दो-तीन महीनों से उसने अपनी दवाइयां खानी बंद कर दी थीं. दवा रुकने और सूखे नशे की लत की वजह से उसकी दिमागी हालत बिगड़ती चली गई. आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले किसी ने उसे इंजेक्शन भी लगाया था. फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी की दिमागी हालत को लेकर अंतिम बात डॉक्टरी जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगी.
यह भी पढ़ें: सड़क पर चीखती रही प्रेमिका, बाइक से 100 मीटर घसीटता रहा अमीन प्रेमी; कैमरे में कैद हैवानियत!
ADVERTISEMENT


