महाकुंभ से चर्चा में आई 'इंटरनेट सेंसेशन' मोनालिसा भोसले और फरमान खान की शादी ने जहां सोशल मीडिया पर हलचल मचा रखी है, वहीं फरमान खान के अपने परिवार में इस शादी को लेकर गहरा आक्रोश है. उत्तर प्रदेश के बागपत में रहने वाले फरमान के परिजनों ने इस शादी पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इसे धोखा करार दिया है. हमारी टीम से बातचीत करते हुए मोनालिसा के ससुर और देवर ने अपना दर्द बयां किया है. जानिए इस मामले की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
मीडिया से पता चली शादी की खबर
फरमान खान के भाई और मोनालिसा के देवर शमद ने यूपी तक से बातचीत में बताया कि उन्हें इस शादी की भनक तक नहीं थी. शमद के अनुसार, 'हमें रात को टीवी पर खबर देखने के बाद पता चला कि भाई (फरमान) ने केरल के एक मंदिर में मोनालिसा से शादी कर ली है. उसने घर पर एक बार भी जिक्र नहीं किया कि वह शादी करने वाला है. उसने यह बहुत गलत किया, हम इस फैसले से बिल्कुल भी खुश नहीं हैं.'
पिता और परिवार की नाराजगी
फरमान का परिवार उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला है. जब टीम वहां पहुंची, तो फरमान के पिता की बातों से भी साफ झलका कि वे अपने बेटे के इस कदम से बेहद आहत हैं. परिवार का कहना है कि फरमान ने न केवल उनसे यह बात छिपाई, बल्कि मंदिर में शादी करके परिवार की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. शमद ने बताया कि जब से खबर मिली है, वे फरमान से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा है.
'सिर्फ काम का पता था, शादी का नहीं'
देवर शमद ने आगे बताया कि उन्हें सिर्फ इतना पता था कि फरमान 'द मणिपुर फाइल्स' और 'नागा' जैसी फिल्मों में एक्टिंग कर रहे हैं और मोनालिसा भी उसी फिल्म में उनके साथ हीरोइन हैं. उन्हें लगा था कि दोनों सिर्फ सह-कलाकार (Co-actors) हैं, लेकिन यह दोस्ती शादी तक पहुंच जाएगी, इसका उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था.
मंदिर में लिए सात फेरे
गौरतलब है कि मोनालिसा और फरमान खान ने तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए हैं. इससे पहले दोनों ने सिविल मैरिज (कोर्ट मैरिज) भी की थी. शादी के बाद दोनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक-दूसरे के प्रति अपने प्यार का इजहार किया था, लेकिन अब फरमान के घर से आ रहे ये बयान इस नई शादीशुदा जिंदगी में नई मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं. जहां मोनालिसा का परिवार पहले से ही इस शादी के खिलाफ था, वहीं अब ससुराल पक्ष (फरमान के परिवार) की ओर से भी दरवाजे बंद होते नजर आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT


