साल 2025 में महाकुंभ मेले से रातों-रात सुर्खियों में आईं 'वायरल गर्ल' मोनालिसा एक बार फिर चर्चा में हैं. 'द डायरी ऑफ मणिपुर' फेम इस एक्ट्रेस ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ शादी कर सबको चौंका दिया है. जहां एक तरफ सोशल मीडिया पर उनकी शादी के वीडियो वायरल हो रहे हैं, वहीं उन्हें स्टार बनाने वाले फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा इस फैसले से बेहद आहत और गुस्से में हैं. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
कोर्ट मैरिज के बाद मंदिर में लिए सात फेरे
मोनालिसा और फरमान खान पिछले डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे, जिसके बाद उन्होंने अपने रिश्ते को शादी का नाम देने का फैसला किया. सामने आए वीडियो में दोनों पहले कोर्ट मैरिज करते और हाथ में मैरिज सर्टिफिकेट लिए नजर आ रहे हैं. इसके बाद, दोनों ने तिरुवनंतपुरम के अरुन्नूर नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए और भगवान का आशीर्वाद लिया. वीडियो के बैकग्राउंड में मंत्रोच्चार की आवाजें सुनाई दे रही हैं और नवविवाहित जोड़े के चेहरे पर अपनी इस नई शुरुआत की खुशी साफ झलक रही है.
डायरेक्टर सनोज मिश्रा का फूटा गुस्सा
मोनालिसा को फिल्म इंडस्ट्री में पहचान दिलाने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा इस शादी से बुरी तरह टूट गए हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा किया है. उन्होंने इस शादी को बगावत नहीं बल्कि लव जिहाद करार देते हुए इसे अपनी जिंदगी का सबसे बुरा दिन बताया.
सनोज मिश्रा ने भावुक पोस्ट में लिखा कि वह वर्तमान में गहरे मानसिक अवसाद से गुजर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने एक गरीब और साधारण लड़की को प्रशिक्षित कर अभिनेत्री बनाया, जिसके लिए उन्हें विरोधियों की साजिशों के कारण जेल तक जाना पड़ा और फिल्म पूरी करने के लिए 10 करोड़ रुपये का भारी कर्ज भी लेना पड़ा. उनका आरोप है कि जिस लड़की को वह 'गंगापुत्री' की तरह पवित्र मानते थे, उसने एक मुस्लिम के साथ भागकर उनके पूरे संघर्ष और करियर को दांव पर लगा दिया है. डायरेक्टर ने इसके पीछे अपने विरोधियों और कुछ दलालों की साजिश होने का भी संदेह जताया है.
मोनालिसा ने कही ये बातें
दूसरी ओर, एक्ट्रेस मोनालिसा ने अपनी शादी को लेकर अपनी मजबूरी और डर का पक्ष रखा है. उनका कहना है कि अलग-अलग धर्म से होने की वजह से उनके पिता जय सिंह भोसले और अन्य परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे. एक्ट्रेस का गंभीर आरोप है कि उन पर परिवार की ओर से काफी मानसिक दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें जान से मारने तक की धमकियां मिल रही थीं.
इसी डर और असुरक्षा के कारण उन्होंने घर छोड़ने का कड़ा फैसला लिया और सुरक्षा के लिहाज से केरल को चुना, जहां उन्होंने शादी के बाद पुलिस प्रोटेक्शन की भी मांग की है. मोनालिसा के अनुसार, यह शादी उनकी मर्जी और सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम है.
ADVERTISEMENT


