उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहाँ एक 23 साल की युवती ने अपने ही घर के आंगन में अपनी माँ और भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड (Double Murder) ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है. पुलिस ने आरोपी बेटी को हिरासत में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
सरिए और खूंटे से किया वार
घटना मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के भैंसली जमालपुर (गदापुर) गांव की है. 22 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:00 बजे 23 वर्षीय अनीता सिंह ने किसी विवाद के बाद अपनी माँ मुन्नी देवी और भाई अर्जुन सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि अनीता ने लोहे के सरिए और जानवरों को बांधने वाले लकड़ी के खूंटे से दोनों पर तब तक वार किया, जब तक उनकी जान नहीं चली गई.
आंगन में खून से लथपथ मिले शव
सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर के आंगन का नजारा भयावह था. माँ और बेटे के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे. पुलिस ने शुरूआती जांच के बाद घर की बेटी अनीता सिंह को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया. पुलिस द्वारा की गई सख्ती से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए.
मानसिक स्थिति और पारिवारिक विवाद
पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद मुख्य कारण था. हालांकि, पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी अनीता सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह मानसिक रूप से असंतुलित बताई जा रही है. किसी बात पर हुई कहासुनी के बाद उसने आपा खो दिया और इस खौफनाक कदम को अंजाम दे डाला.
पुलिस की कार्रवाई
मुरादाबाद पुलिस के अनुसार, मृतिका के बड़े बेटे की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी अनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस वारदात के पीछे केवल मानसिक स्थिति कारण थी या कोई और गहरी रंजिश.
ADVERTISEMENT


