उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस और एसटीएफ (STF) को बड़ी सफलता मिली है. बुधवार रात हुई एक मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश आशू उर्फ मोंटी मारा गया. यह बदमाश एक एक्सपोर्टर से 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगने और जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहा था.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मामला मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र का है. यहां के 'वजीरचंद एक्सपोर्ट फर्म' के मालिक अरशू ढल को 12 मार्च को एक अनजान नंबर से धमकी मिली थी. आरोपी ने वॉट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए गाली-गलौज की और 5 करोड़ रुपये की मांग की. पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई. इससे पहले 15 मार्च को बाइक सवार बदमाशों ने फर्म के गेट पर फायरिंग कर दी.
भारी मात्रा में हथियार बरामद
पुलिस के मुताबिक, एनकाउंटर वाली जगह से भारी मात्रा में असलाह बरामद हुआ है. बदमाश के पास से पिस्टल, रिवॉल्वर, बंदूक और कई जिंदा कारतूस मिले हैं. मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर करीब 12 राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं.
36 आपराधिक मामले दर्ज
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में मारा गया बदमाश आशू उर्फ मोंटी हापुड़ का रहने वाला था. उस पर पहले से ही अलग-अलग थानों में 36 आपराधिक मामले दर्ज थे.
पुलिस को सूचना मिली थी कि वह बुधवार रात रंगदारी की रकम लेने मुरादाबाद आने वाला है. एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
ADVERTISEMENT


