Moradabad Ruchi Veera Controversy: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दल अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं. इसी कड़ी में मुरादाबाद के जामा मस्जिद पुल पार स्थित ताजपुर क्षेत्र में समाजवादी पार्टी ने एक पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सम्मेलन का आयोजन किया था. लेकिन कार्यक्रम के लिए जो प्रचार-प्रसार के पोस्टर लगाए गए थे इनमें मुरादाबाद की सपा सांसद रुचि वीरा की तस्वीर गायब मिली. ये बात जब रुचि वीरा तक पहुंची तो वो इस बात से नाराज होकर कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हुईं, जिसके बाद से उनके इस कदम से जिले की सियासत गरमा गई है.
ADVERTISEMENT
वहीं, समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली ने बोलते हुए कहा कि इस मामले को शक की निगाह से या गलत तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए. उधर मामले में रुची वीरा का बयान भी सामने आया है. उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को पार्टी के भीतर एक गहरी साजिश और ओछी हरकत करार दिया है. इसके अलावा भी सपा सांसद ने कई और बातें कही.
कौन आयोजक हैं, कौन मुख्य अतिथि हैं, नहीं पता - रुचि वीरा
कार्यक्रम के पोस्टरों से अपनी तस्वीर गायब होने और सम्मेलन से दूरी बनाने को लेकर जब सांसद रुचि वीरा से सवाल किया गया तो उन्होंने अपनी गंभीर नाराजगी व्यक्त की. रुचि वीरा ने कहा कि उन्हें इस पीडीए कार्यक्रम के बारे में कोई भी जानकारी नहीं दी गई थी. उन्होंने सवाल उठाया कि कौन आयोजक हैं और कौन मुख्य अतिथि है, इस बारे में उन्हें कुछ नहीं पता. सांसद ने कहा कि वह मुरादाबाद में ही मौजूद थीं और अगर उन्हें सम्मानपूर्वक बुलाया जाता तो वह इस मीटिंग में जरूर शामिल होतीं.
अखिलेश यादव से करेंगी शिकायत
सांसद रुचि वीरा ने इस पूरे घटनाक्रम को पार्टी के भीतर एक गहरी साजिश और ओछी हरकत करार दिया है. उन्होंने कहा कि मुरादाबाद समाजवादी पार्टी के लिए हर लिहाज से एक बहुत मजबूत और अच्छी सीट है. ऐसे में जब एक वर्तमान सांसद को ही इतने बड़े कार्यक्रम में नजरअंदाज किया जा रहा है तो फिर आम आदमी को पार्टी में क्या तरजीह दी जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर ही कुछ नेता ऐसे हैं जो मुरादाबाद का माहौल खराब कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सांसद का फोटो मत लगाओ. रुचि वीरा ने कहा कि चुनाव सिर पर हैं और इस समय सबको जोड़ने की जरूरत है. वह इस पूरे मामले की शिकायत राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से करेंगी.
राज्यसभा सांसद जावेद अली ने दी सफाई
इस पूरे मामले पर जब समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली का बयान भी सामने आया है. उन्होंने अपनी सफाई में कहा इस सम्मेलन में जिले के दो अन्य विधायक भी मौजूद नहीं हैं, इसलिए इस बात को शक की निगाह से या गलत तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सबकी पार्टी है और यहां हर एक नेता का पूरा सम्मान किया जाता है.
जानिए कौन हैं मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा?
रुचि वीरा मुरादाबाद लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनके पति का नाम उदयन वीरा है. उन्होंने बी.ए. किया हुआ है और उनका व्यवसाय कृषि. वे मूल रूप से बिजनौर जिले की रहने वाली हैं. उन्होंने पहले बहुजन समाज पार्टी के साथ काम किया, 2014 के उपचुनाव में बिजनौर विधानसभा सीट से विधायक चुनी गईं. हालांकि, इसके बाद में उन्हें BSP ने निष्कासित कर दिया था फिर वे 2023 में सपा में शामिल हो गई. 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के टिकट पर मुरादाबाद से जीत दर्ज की.
यह भी पढ़ें:
ADVERTISEMENT


