Mridul Tiwari Viral Video: नोएडा एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे के बाद तमाशा देख रहे थे लोग, इंफ्लूएंसर मृदुल तिवारी ने कुछ ऐसा किया की होने लगी तारीफें

नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुए एक सड़क हादसे में घायल परिवार की मदद के लिए जब कोई आगे नहीं आया, तो 'बिग बॉस' फेम यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने इंसानियत दिखाई.

Mridul Tiwari
Mridul Tiwari

गौरव कुमार पांडेय

follow google news

दिल्ली से सटे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शनिवार (16 मई) की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक्सप्रेसवे को पार कर रहे एक ही परिवार के चार राहगीरों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा परिवार लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया और तड़पने लगा. हादसे के बाद वहां सैकड़ों गाड़ियों का पहिया थम गया और दो हजार से ज्यादा लोग जमा हो गए लेकिन कोई भी घायलों की मदद के लिए आगे नहीं आया. 

Read more!

इसी बीच वहां से गुजर रहे बिग बॉस फेम और मशहूर यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने इंसानियत की एक ऐसी अनूठी मिसाल पेश की, जिसने सोशल मीडिया पर हर किसी का दिल जीत लिया है 

तमाशा देख रहे लोगों पर भड़के

मृदुल तिवारी ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा, "हम अभी थोड़ी देर पहले ही जिम से निकले थे. हाईवे पर इतना गंदा एक्सीडेंट हुआ पड़ा था, लेकिन लोग बस खड़े होकर तमाशा देख रहे थे. हमारा सिस्टम इतना खराब है कि काफी देर तक एंबुलेंस भी नहीं आई. घायल लोग सड़क पर पड़े रो रहे थे और मदद की गुहार लगा रहे थे. ये देखकर मैंने बिना वक्त गंवाए अपनी गाड़ी रोकी और रोते-तड़पते हुए सारे मरीजों को अपनी कार में भर लिया. 

'सीट कवर गंदे होने के डर से लोगों ने मुंह फेर लिया'

घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मृदुल तिवारी ने तमाशाबीन बनी भीड़ पर अपना गुस्सा जाहिर किया. उन्होंने वीडियो जारी कर समाज की इस कड़वी सच्चाई को उजागर करते हुए कहा, "लोग ऐसे खड़े थे जैसे कोई फिल्म चल रही हो. सब अपनी कार गंदी होने के डर से घायलों को छूने से बच रहे थे. दो बुजुर्गों ने तो मेरे मुंह पर कहा कि अरे बेटे, मत उठाओ, गाड़ी खराब हो जाएगी, अरे भाई, गाड़ी धोवाने में सिर्फ 200 रुपये लगेंगे, मेरी टीशर्ट और कार की पीछे वाली सीट पूरी खून से सन गई है, लेकिन यह 200 रुपये में ठीक हो जाएगी. किसी की जान से कीमती आपकी गाड़ी की सफेद सीट नहीं हो सकती. मृदुल ने घायलों को ग्रेटर नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल में एडमिट कराया. 

पैदल जा रहे परिवार को Swift Dzire ने मारी टक्कर

घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सेक्टर 148 नोएडा के शफीपुर के पास हुआ. पीड़ित परिवार पैदल ही सड़क पार कर रहा था, तभी दिल्ली की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर (Swift Dzire) कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. 

कार जब्त, ड्राइवर पुलिस की हिरासत में

एसीपी ट्रैफिक पवन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला. गनीमत ये रही कि समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है और उन्हें हल्की चोटें ही आई हैं. पुलिस ने एक्सीडेंट करने वाली Swift Dzire कार को कब्जे में ले लिया है और उसके ड्राइवर को हिरासत में लेकर कानूनी पूछताछ की जा रही है.

इस बीच, अपनी चमचमाती गाड़ी और कपड़ों के खराब होने की परवाह किए बिना चार जिंदगियां बचाने वाले मृदुल तिवारी की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है और उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. 

 

    follow google news