उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के बुढ़ाना इलाके में एक 23 वर्षीय महिला ने अपने 67 वर्षीय ससुर के प्राइवेट पार्ट पर ब्लेड से हमला कर दिया. इस हमले में बुजुर्ग ससुर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. महिला का आरोप है कि उसका ससुर काफी समय से उसके साथ गंदी हरकतें और छेड़छाड़ कर रहा था. पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग की हालत गंभीर
यह पूरी घटना बुढ़ाना थाना क्षेत्र की है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को 23 साल की महिला ने अपने ससुर जाकिर (67 वर्ष) पर नाखून काटने वाले छोटे ब्लेड से अचानक हमला कर दिया. हमले में बुजुर्ग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जाकिर को तुरंत बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया. वहां बुजुर्ग की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पति रहता था हरियाणा, घर में अकेली थी बहू
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि महिला के दो छोटे बच्चे हैं. उसका पति शहजाद रोजी-रोटी कमाने के लिए हरियाणा में रहता है, जहां वह किराये पर रिक्शा चलाता है. पति के बाहर रहने की वजह से महिला घर पर अपने दोनों बच्चों और ससुर के साथ रहती थी. महिला का आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर उसका ससुर पिछले कई दिनों से उसके साथ गलत हरकतें कर रहा था. परेशान होकर उसने यह कदम उठाया.
पड़ोसियों ने सुनी थी दर्दभरी दास्तान
इस मामले में मोहल्ले की रहने वाली एक महिला नाजरा ने बताया कि आरोपी बहू पहले भी कई लोगों से कह चुकी थी कि उसके साथ घर में गलत हो रहा है. उसने समाज के कुछ लोगों के सामने अपनी आपबीती रखी थी, लेकिन उस वक्त किसी ने भी उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया. पड़ोसियों का उस घर में ज्यादा आना-जाना नहीं था, इसलिए किसी को अंदर चल रहे इस विवाद का अंदाजा नहीं था.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
बुढ़ाना के क्षेत्राधिकारी (CO) गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम (PRB) के जरिए इस घटना की जानकारी मिली थी. पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया और महिला को हिरासत में ले लिया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला से पूछताछ की जा रही है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच हो रही है. हालांकि, अभी तक परिवार या किसी अन्य पक्ष की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलते ही उचित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT


