उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक डॉक्टर पर अपनी ही नौकरानी के साथ रेप और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगे हैं. आरोपी डॉक्टर सुलेमान ने न केवल युवती की मजबूरी का फायदा उठाया बल्कि उसे नशीला इंजेक्शन देकर उसकी अस्मत से खिलवाड़ किया.
ADVERTISEMENT
इलाज के बहाने दिया धोखा
पीड़िता के मुताबिक, करीब दो साल पहले उसने नगर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड निवासी डॉक्टर सुलेमान के घर घरेलू काम शुरू किया था. एक दिन जब युवती की तबीयत खराब हुई, तो डॉक्टर ने इलाज के बहाने उसे बेहोशी का इंजेक्शन लगा दिया. आरोप है कि बेहोशी की हालत में डॉक्टर ने उसके साथ गलत काम किया और इस पूरी घटना का अश्लील वीडियो भी बना लिया.
वीडियो दिखाकर 14 महीने तक किया ब्लैकमेल
होश आने पर जब पीड़िता ने विरोध किया, तो डॉक्टर सुलेमान और उसकी पत्नी आबिदा ने उसे वीडियो दिखाकर चुप करा दिया. वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी पिछले 14 महीनों से युवती का यौन शोषण करता रहा. थक-हारकर जब पीड़िता ने अपने परिवार को आपबीती बताई, तो 6 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
हैरानी की बात यह है कि पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेने के कुछ ही घंटों बाद छोड़ दिया. न्याय न मिलता देख पीड़िता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आत्मदाह की चेतावनी दे डाली. युवती ने साफ कहा कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला, तो वह अपनी जान दे देगी और इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा.
एसएसपी ने बैठाई जांच
वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने तुरंत एक्शन लिया और एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ को मामले की जांच सौंपी है. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी को पहले क्यों छोड़ा गया. फिलहाल पुलिस ने सख्त कार्रवाई और पीड़िता को सुरक्षा देने का भरोसा दिया है.
ADVERTISEMENT


