Chandranath Rath murder case Update: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में सीबीआई को बड़ी कामयाबी मिली है. इस मामले में सीबीआई और पुलिस की संयुक्त टीम ने चौथे आरोपी राजकुमार सिंह को यूपी से गिरफ्तार कर लिया है. टीम ने राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर जिले के दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर स्थित छपार टोल प्लाजा से अरेस्ट किया. आरोपी राजकुमार सिंह है उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है. बताया जा रहा कि आरोपी हरिद्वार भागकर छिपने की तैयारी में था लेकिन उससे पहले ही सीबीआई और पुलिस ने उसे दबोच लिया.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को आरोपी के आने की सूचना मिली थी. इसके तहत सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे छपार टोल प्लाजा के पास पुलिस ने घेराबंदी की थी. यहां जैसे की आरोपी की गाड़ी आई तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इस पूरे ऑपरेशन में दिल्ली सीबीआई ब्रांच और छपार थाना पुलिस दोनों शामिल थीं. गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी को सीधे मुजफ्फरनगर सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया. आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया गया, जिसके बाद सीबीआई की टीम उसे अपने साथ लेकर रवाना हो गई.
ADVERTISEMENT
तीन दिन पहले घर से निकला था- पिता
दूसरी तरफ आरोपी राजकुमार के परिवार ने भी इस मामले में कई बातें बताई हैं. राजकुमार के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने कहा कि उनका बेटा तीन दिन पहले घर से निकला था लेकिन वह कहां जा रहा है इसकी कोई भी जानकारी उसने परिवार को नहीं दी थी. उन्होंने बताया कि आज सुबह अचानक उनके पास सीबीआई का फोन आया जिसमें कहा गया कि आपके बेटे को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया है. राजकुमार के पिता ने ये भी कहा कि उनका बेटा उनसे काफी डरता था और ज्यादा बातचीत नहीं करता था. वह उनसे हमेशा अपनी नजरें बचाकर रहता था.
पीसीसी कराने निकला था आरोपी
राजकुमार के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे राजकुमार को पासपोर्ट बनवाने और ऑनलाइन पीसीसी यानी पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट बनवाने के लिए कहा था क्योंकि राजकुमार को पहले हेल्पर का काम सीखने के लिए बाहर भेजा गया था और वहां काम करने के लिए पीसीसी बहुत जरूरी था. बलिया से पीसीसी बार-बार कैंसिल हो जा रही थी क्योंकि गांव का ही एक पुराना झगड़े का मुकदमा दर्ज था जिसमें 10-12 लड़कों के साथ राजकुमार का भी नाम लिखवा दिया गया था. इसी सिलसिले में वह 10 तारीख को माता जी से कहकर और पिता से 2000 रुपये लेकर इलाहाबाद जाने की बात कहकर घर से निकला था.
गांव में भी दर्ज है मारपीट का मुकदमा
जानकारी के मुताबिक आरोपी राजकुमार ने केवल ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर तक ही पढ़ाई की है. साल 2022 में उसके खिलाफ गांव में मारपीट और एससी/एसटी के तहत एक मुकदमा भी दर्ज हुआ था. पिता ने बताया कि वह खुद घर पर नहीं रहते थे और उन्हें बेटे के किसी गलत गतिविधि या किसी अन्य से कनेक्शन की कोई जानकारी नहीं थी. राजकुमार के पास उसकी माता जी के नाम पर ली गई एक अपाचे मोटरसाइकिल भी थी. कल ही उनके घर पर यूपी 32 नंबर की दो गाड़ियां आई थीं जिन्होंने राजकुमार के बारे में पूछताछ शुरू की थी जिससे परिवार को थोड़ा शक हुआ था.
फरीदाबाद छिपा था, हरिद्वार भागने की थी तैयारी- पुलिस
इस पूरे मामले को लेकर मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था. पूछताछ में पता चला कि राजकुमार फरीदाबाद में कहीं छिपकर रह रहा था. अब वह हरिद्वार जाकर छिपने की कोशिश कर रहा था जिसे बीच में ही इंटरसेप्ट करके आवश्यक बल लगाकर गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी की उम्र करीब 32 से 35 साल के बीच है. दिल्ली ब्रांच के सीबीआई अधिकारी डीएसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में आरोपी का ट्रांजिट रिमांड बनाकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल, इसी साल 6 मई की रात पश्चिम बंगाल के मध्यामग्राम इलाके में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी थी. बताया गया कि उनकी कार को पहले फर्जी नंबर प्लेट लगी एक गाड़ी ने रोका और इसके बाद चार बाइकों पर सवार आठ हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमला इतना अचानक था कि चंद्रनाथ रथ को संभलने तक का मौका नहीं मिला. इस वारदात को बेहद प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दिया गया था जिससे पूरे पश्चिम बंगाल में सनसनी फैल गई थी.
24 मई को होगी केस की अगली सुनवाई
इस हत्याकांड की जांच के दौरान सीआईडी और सीबीआई को पता चला कि इस हत्या में यूपी और बिहार के कुछ पेशेवर शूटर शामिल हो सकते हैं. इसके बाद लगातार छापेमारी शुरू हुई और अब तक इस हाई प्रोफाइल केस में चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इससे पहले तीन आरोपियों को 11 मई को बारासात कोर्ट में पेश किया गया था जहां अदालत ने उन्हें 13 दिन की कस्टडी में भेज दिया था. अब इस केस की अगली सुनवाई 24 मई को होनी है. फिलहाल सीबीआई आरोपी से पूछताछ कर रही है और माना जा रही है कि आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: चंद्रनाथ रथ को पर जिस समय चली गोली, उस समय यहां थे राज सिंह, वकील बहन के इस सबूत ने पलटा पूरा मामला?
ADVERTISEMENT


