Neela Drum Kand Muskan Rastogi case: डेढ़ साल पहले मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था. अब इस मामले में 14 अक्टूबर को सजा सुनाई जानी है. अदालत मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को सजा सुनाएगी, जिन्हें इस हत्याकांड में दोषी करार दिया जा चुका है. फैसले से ठीक पहले मुस्कान की ओर से एक खास मांग सामने आई है, जिसने एक बार फिर इस मामले को चर्चा में ला दिया है.
ADVERTISEMENT
क्या थी डेढ़ साल पहले की वो सनसनीखेज वारदात?
यह मामला 3 मार्च 2025 का है, जब मेरठ में सौरभ राजपूत की हत्या कर दी गई थी. इस वारदात का आरोप उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल पर लगा था. आरोप के मुताबिक, हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उन्हें एक नीले ड्रम में रखा गया और सीमेंट के घोल से बंद कर दिया गया. वारदात के बाद दोनों पर परिजनों को गुमराह करने का भी आरोप लगा. बाद में मामले का खुलासा हुआ और पुलिस ने नीला ड्रम बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
सजा के ऐलान से पहले क्या बोली मुस्कान?
अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद आज सजा का ऐलान होना है. इससे ठीक पहले जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने फोन पर बातचीत के दौरान एक्सक्लूसिव जानकारी दी कि मुस्कान ने एक इच्छा जाहिर की है. मुस्कान ने कहा है कि सजा का ऐलान होने से पहले वह अपनी साढ़े छह से सात साल की बड़ी बेटी से एक बार मिलना चाहती है.
जेल प्रशासन का क्या कहना है?
जेल अधीक्षक के अनुसार, जब मुस्कान को गिरफ्तार किया गया था तब वह गर्भवती थी और उसने जेल में ही अपनी दूसरी बेटी को जन्म दिया था. उसकी बड़ी बेटी इस वक्त अपने नाना-नानी के पास रह रही है. जेल प्रशासन ने मुस्कान को स्पष्ट कर दिया है कि नियमों के तहत जब तक कोई परिजन उसे लेकर नहीं आएगा, तब तक सीधे मुलाकात नहीं कराई जा सकती. हालांकि, उसे परिजनों को पत्र लिखने का विकल्प दिया गया है, जिस पर मुस्कान ने कहा है कि वह अपनी बेटी से मिलने के लिए घर वालों को चिट्ठी लिखेगी.
जेल के अंदर कैसा है माहौल?
जेल अधिकारियों के मुताबिक, सजा के ऐलान को लेकर दोनों दोषियों के चेहरे पर चिंता और परेशानी तो दिखाई दे रही है, लेकिन कोई खुली घबराहट नहीं दिखी है. जहां एक तरफ साहिल से मिलने उसके परिवार के लोग आते रहे हैं, वहीं मुस्कान से मिलने आज तक जेल में कोई नहीं पहुंचा है. अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या मुस्कान की यह चिट्ठी उसके परिजनों तक पहुंचेगी और क्या उसकी बड़ी बेटी उससे मिलने आएगी.
ADVERTISEMENT


