Meerut Neela Drum Kand: नीला ड्रम कांड में आ गया कोर्ट का बड़ा फैसला, दोषी मुस्कान और साहिल को मिली ये सजा

उस्मान चौधरी

14 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 14 2026 4:36 PM)

Meerut Neela Drum Kand: मेरठ के बहुचर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में अदालत ने आज यानी 14 अक्टूबर को अपना अंतिम फैसला सुना दिया है. शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट से सील करने की इस खौफनाक वारदात में दोषी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को कड़ी सजा दी गई है.

नीला ड्रम कांड में आ गया कोर्ट का बड़ा फैसला
नीला ड्रम कांड में आ गया कोर्ट का बड़ा फैसला
Google CTA

Neela Drum Kand Muskan Rastogi case: मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को मृत्युदंड की सजा सुनाई है. करीब डेढ़ साल से चर्चा में रहे इस मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा ने दोनों आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई. सजा सुनाए जाने के दौरान दोनों आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जेल से अदालत में पेश हुए. वहीं, कोर्ट रूम में सौरभ राजपूत की मां रेनू राजपूत और उनके भाई मौजूद थे. सजा सुनाए जाने से पहले सुबह मुस्कान के माता-पिता ने अदालत में लिखित रूप से कहा कि अगर उनकी बेटी को फांसी की सजा मिलती है तो वे इसका विरोध नहीं करेंगे. उन्होंने सौरभ को अच्छा लड़का बताया था.

Read more!

क्या था पूरा नीला ड्रम हत्याकांड?

यह वारदात 3 मार्च 2025 को मेरठ में अंजाम दी गई थी. आरोप के मुताबिक, मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल ने मिलकर सौरभ राजपूत की निर्मम हत्या कर दी थी. इसके बाद वारदात को छिपाने के लिए सौरभ के शव के कई टुकड़े किए गए और उन्हें एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट का घोल डालकर पूरी तरह सील कर दिया गया था.

हत्या के बाद गुमराह करते रहे दोनों आरोपी

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद मुस्कान और साहिल शिमला-मनाली घूमने चले गए थे. वहां से दोनों की तस्वीरें भी सामने आई थीं. इस दौरान मुस्कान लगातार अपने और सौरभ के परिजनों से झूठ बोलती रही कि वह अपने पति के साथ ट्रिप पर है. हालांकि, ट्रिप से लौटने के बाद जब मामला खुला तो परिजनों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरी बात सामने आई और पुलिस ने घर से वही नीला ड्रम बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया था.

सजा के ऐलान से ठीक पहले क्या हुआ?

अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने से ठीक पहले मुस्कान रस्तोगी की एक इच्छा सामने आई थी. जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया था कि मुस्कान अपनी साढ़े छह से सात साल की बड़ी बेटी से मिलना चाहती थी, जो अपने नाना-नानी के पास रह रही है. जेल प्रशासन ने उसे नियमानुसार परिजनों को पत्र लिखने का विकल्प दिया था, ताकि परिजन चाहें तो उसे मुलाकात के लिए ला सकें.

यह भी पढ़ें: Meerut Neela Drum Kand: सजा से ठीक पहले दोषी मुस्कान रस्तोगी ने मांगी अपनी आखिरी ख्वाहिश, जानिए क्या कहा!