न्यू नोएडा (DNGIR) प्रोजेक्ट का रास्ता अब साफ होता नजर आ रहा है. नोएडा अथॉरिटी ने मास्टर प्लान-2041 के तहत जमीन अधिग्रहण की दरों में भारी बढ़ोतरी का फैसला किया है. अब न्यू नोएडा के लिए जमीन देने वाले किसानों को ₹4,300 प्रति वर्ग मीटर की दर से मुआवजा दिया जाएगा. यह दर अब यमुना अथॉरिटी के बराबर हो गई है, जिससे किसानों में खुशी की लहर है.
ADVERTISEMENT
10 साल बाद बढ़ी दरें
अथॉरिटी के एक अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले एक दशक से जमीन की कीमतों में कोई इजाफा नहीं हुआ था. पुरानी दरों के कारण किसान अपनी जमीन देने को तैयार नहीं थे, जिससे प्रोजेक्ट की रफ्तार धीमी पड़ गई थी. किसानों की लगातार मांग और प्रोजेक्ट की जरूरत को देखते हुए यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है. माना जा रहा है कि इस फैसले के बाद किसान अब खुद आगे आकर अपनी जमीन अथॉरिटी को देंगे.
80 से ज्यादा गांवों को होगा फायदा
न्यू नोएडा परियोजना करीब 209 वर्ग किलोमीटर में फैली है. इसमें गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के 80 से अधिक गांव शामिल हैं. पहले चरण में हजारों हेक्टेयर जमीन खरीदी जानी है. इस मुआवजे को लागू कराने में जनप्रतिनिधियों की भी बड़ी भूमिका रही है. जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया था, जिसके बाद सरकार ने दरों को बढ़ाने के निर्देश दिए.
जल्द शुरू होगा जमीन का अधिग्रहण
नोएडा अथॉरिटी ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज करने के लिए राज्य सरकार से अतिरिक्त स्टाफ की मांग की है. अथॉरिटी ही किसानों से सीधे बातचीत करेगी और जमीन से जुड़े मामलों को निपटाएगी. मुआवजे की राशि बढ़ने से अब यह सौदा किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा.
ADVERTISEMENT


