UP Mega Opinion Poll 2026: यूपी में फिर खिलेगा कमल या पलटेगी बाजी? News18 के मेगा ओपिनियन पोल ने चौंकाया!

न्यूज तक डेस्क

17 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 17 2026 1:03 PM)

News18 UP के मेगा ओपिनियन पोल में 66.6% लोगों ने NDA को वोट देने की बात कही. योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री की पहली पसंद बने. सर्वे में 77.1% लोग योगी सरकार के काम से संतुष्ट बताए गए. कानून-व्यवस्था सबसे अहम मुद्दा रहा. हालांकि, ये आंकड़े चुनावी नतीजे नहीं हैं.

UP Mega Opinion Poll 2026
UP Mega Opinion Poll 2026
Google CTA

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तस्वीर कैसी है? अगर अभी चुनाव होते हैं तो किस पार्टी को सबसे ज्यादा वोट मिल सकते हैं? मुख्यमंत्री के रूप में लोग किसे पसंद कर रहे हैं? इन सवालों को लेकर News18 UP ने Mega Opinion Poll किया है, प्रदेश के सभी 75 जिलों में किए गए इस बड़े सर्वे में करीब 31 हजार लोगों की नब्ज टटोली गई है.

Read more!

सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है. वहीं, मुख्यमंत्री की पसंद के मामले में योगी आदित्यनाथ सबसे आगे हैं. सर्वे में सरकार के कामकाज को लेकर भी लोगों की राय सामने आई है. आइए जानते हैं कि इस ओपिनियन पोल के जरिए यूपी की जनता क्या सोच रही है और मैदान में फिलहाल किसका पलड़ा भारी नजर आ रहा है.

एनडीए का दबदबा और योगी पर भरोसा

सर्वे के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे सत्ता पक्ष के लिए राहत भरे और विपक्ष के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं. यदि आज चुनाव हो जाएं, तो सर्वे के मुताबिक करीब 66.6% जनता एनडीए के साथ जाने को तैयार दिखती है. वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को 26.4% और मायावती की बसपा को 5.4% वोट मिलने का अनुमान जताया गया है.

मुख्यमंत्री पद की पसंद के मामले में 66.2% लोगों ने योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताया है, जबकि अखिलेश यादव के पक्ष में 24.4% लोग खड़े नजर आए. इसके अलावा, करीब 77.1% लोग सरकार के कामकाज से खुश दिखे और लगभग 65% जनता राज्य में तीसरी बार बीजेपी सरकार की वापसी यानी निरंतरता चाहती है.

कौन से मुद्दे तय कर रहे हैं जनता का मन?

वोटिंग पैटर्न को समझने के लिए जब मुद्दों की बात आई, तो नतीजे काफी दिलचस्प रहे. करीब 33.4% लोगों ने कानून-व्यवस्था और गुंडा राज के दौर की वापसी का डर न होने को सबसे बड़ी वजह माना. यानी सुरक्षा का माहौल जनता के बीच बड़ा फैक्टर है. कानून-व्यवस्था के बाद रोजगार और महंगाई जैसे आर्थिक मुद्दे अभी भी लोगों की जुबान पर हैं.

हैरानी की बात यह है कि राजनीतिक गलियारों में छाए रहने वाले राम मंदिर निर्माण को सिर्फ 1.6% लोगों ने ही सबसे अहम चुनावी मुद्दा बताया. इसके अलावा भ्रष्टाचार को 3.4%, जाति-आरक्षण को 1.3% और स्वास्थ्य सेवाओं को 0.7% लोगों ने जरूरी माना.

किस इलाके में किसका पलड़ा भारी?

यूपी के अलग-अलग हिस्सों में राजनीतिक दलों की ताकत का गणित भी जुदा है. रुहेलखंड में 73.2%, दोआब में 70.4% और पश्चिमी यूपी में 70.1% समर्थन के साथ एनडीए को सबसे तगड़ा फायदा मिलता दिख रहा है. दूसरी ओर, पूर्वोत्तर यूपी में 34.0%, पूर्वी यूपी में 30.1% और अवध क्षेत्र में 28.6% समर्थन के साथ सपा-कांग्रेस गठबंधन अपेक्षाकृत मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है. बसपा का जनाधार भले ही राज्यभर में सिमटता दिखा हो, लेकिन बुंदेलखंड इलाके में उसका असर औसत से बेहतर यानी 11.2% आंका गया है.

कैसे हुआ यह बड़ा सर्वे?

इस सर्वे को यूपी के सभी 75 जिलों के गांवों और शहरों में 18 साल से ऊपर के 30,925 लोगों की राय लेकर तैयार किया गया है. इसका फील्डवर्क 17 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच डोर-टू-डोर CAPI तकनीक के जरिए पूरा किया गया था.

क्या कहता है यूपी का मेगा ओपिनियन पोल?

News18 UP के मेगा ओपिनियन पोल में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA को बड़ी बढ़त मिली है. योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री की पहली पसंद बने हैं. वहीं, सरकार के कामकाज से संतुष्ट लोगों की संख्या भी ज्यादा बताई गई है.

हालांकि, ये आंकड़े सर्वे में शामिल लोगों की राय पर आधारित हैं. इन्हें विधानसभा चुनाव का नतीजा नहीं माना जा सकता. चुनाव के समय मतदाताओं की पसंद बदल भी सकती है.

UP Election 2027: यूपी में फिर बनेगी NDA की सरकार या कोई नया दल मारेगा बाजी? Matrize फाउंडर मनोज सिंह ने खोले सियासी राज