Noida Couple: जहां पूरी दुनिया 14 फरवरी को प्यार का जश्न मना रही थी, वहीं नोएडा के सेक्टर-107 में एक प्रेम कहानी का बेहद दर्दनाक अंत हो गया. दादरी रोड के पास खड़ी एक कार के भीतर 32 वर्षीय सुमित और 26 वर्षीय रेखा के शव मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों के सिर में गोली लगी थी और कार अंदर से लॉक थी.
ADVERTISEMENT
15 साल का साथ और शादी का सपना
मृतक सुमित दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला था, जबकि रेखा नोएडा के सलारपुर की निवासी थी. दोनों पिछले 15 सालों से एक-दूसरे को जानते थे और रिलेशनशिप में थे. सुमित ने हाल ही में अपने और रेखा के भविष्य के लिए एक नया फ्लैट भी खरीदा था. परिजनों के मुताबिक, दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले थे लेकिन जाति अलग होने के कारण लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे.
लास्ट वाट्सअप मैसेज से खुला राज
मामले में एक आखिरी मैसेज भी सामने आया है, जो सुमित ने रेखा को भेजा था. उसमें लिखा था कि रेखा की शादी कहीं और तय हो रही है और इसी वजह से वह आत्महत्या करने जा रहा है.पुलिस को कार के अंदर सुमित के हाथ में पिस्टल भी मिली है.
घटना से पहले दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी. सुमित के परिजनों ने दिल्ली के त्रिलोकपुरी थाने में और रेखा के परिवार ने नोएडा के सेक्टर-58 थाने में मिसिंग रिपोर्ट लिखवाई थी.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं. शुरुआती तौर पर यह मामला सुसाइड का ही लग रहा है, क्योंकि कार अंदर से पूरी तरह लॉक थी. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या समय रहते इन्हें ट्रैक किया जा सकता था और इस घटना के पीछे असली वजह क्या रही.
ADVERTISEMENT

