11,200 करोड़ के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली बारिश में खुली पोल! टर्मिनल से पार्किंग तक भरा पानी, VIDEO वायरल

भूपेंद्र चौधरी

• 01:34 PM • 12 Aug 2026

Noida International Airport Rain Water Video: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली तेज बारिश के बाद पार्किंग और टर्मिनल एरिया में भारी जलभराव देखने को मिला है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं. हालांकि, एयरपोर्ट अथॉरिटी का दावा है कि 30 मिनट के भीतर पानी निकाल दिया गया और उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ा.

पहली ही बारिश में नोएडा एयरपोर्ट पर जमा हुआ पानी
पहली ही बारिश में नोएडा एयरपोर्ट पर जमा हुआ पानी
Google CTA

दिल्ली-एनसीआर की हवाई कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देने के लिए तैयार किए गए जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली ही तेज बारिश में पोल खुलती नजर आई. एयरपोर्ट परिसर में हुई भारी बारिश के बाद टर्मिनल और पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले मार्ग पर भारी जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों और कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इस जलभराव का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

करोड़ों की लागत से बने एयरपोर्ट की व्यवस्था पर सवाल

गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के निर्माण पर करीब 11,200 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस इस एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ाने भी संचालित हो रही हैं. ऐसे में पहली ही तेज बारिश के बाद पार्किंग कंपाउंड में पानी जमा होने से एयरपोर्ट प्रबंधन के ड्रेनेज सिस्टम और मानसून पूर्व की तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं.

वायरल वीडियो में दिखा जलमग्न रास्ता

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बारिश के बाद पार्किंग एरिया के पास काफी मात्रा में पानी इकट्ठा हो गया है. पानी निकासी के लिए एयरपोर्ट के कर्मचारी मशक्कत करते हुए दिखाई दे रहे हैं. टर्मिनल से पार्किंग की तरफ जाने वाला रास्ता पूरी तरह जलमग्न नजर आ रहा था, जिसे लेकर लोग सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट प्रशासन को घेर रहे हैं.

एयरपोर्ट अथॉरिटी ने क्या दी सफाई?

इस पूरे मामले पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से भी बयान जारी किया गया है. एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, तेज बारिश के चलते टर्मिनल और पार्किंग को जोड़ने वाले रास्ते पर कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया था. सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की टीम ने त्वरित कार्रवाई की और महज 30 मिनट के भीतर पानी की पूरी निकासी कर दी गई.

उड़ानों के संचालन पर नहीं पड़ा असर?

अथॉरिटी ने कहा है कि इस जलभराव की वजह से फ्लाइट्स के संचालन या एयरपोर्ट की अन्य मुख्य सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है. हालांकि, जलभराव की इस घटना ने मानसून के आने वाले दिनों में यात्रियों की सुविधाओं और ड्रेनेज सिस्टम की क्षमता को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है.

 

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में बनेगा यूपी का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर, जानिए क्या है प्राधिकरण का पूरा नया प्लान