396 गिरफ्तार, पुलिस की गाड़ियां तोड़ीं! नोएडा हिंसा पर डिंपल यादव ने पूछा- "इसका जिम्मेदार कौन?"

नोएडा में मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन और 396 लोगों की गिरफ्तारी के बाद सांसद डिंपल यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मजदूरों की मांगों को अनसुना करने की वजह से यह स्थिति पैदा हुई है. हालांकि प्रशासन ने वेतन में बढ़ोतरी कर दी है, लेकिन मजदूरों और कंपनियों के बीच अभी भी संवादहीनता बनी हुई है.

Dimple Yadav
Dimple Yadav

शिवानी गोस्वामी

follow google news

उत्तर प्रदेश का औद्योगिक केंद्र कहा जाने वाला नोएडा पिछले दो दिनों से मजदूर आंदोलन की आग में झुलस रहा है. वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन अब हिंसक रूप अख्तियार कर चुका है. इस मामले में राजनीति भी गरमा गई है. समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे 'सरकार की विफलता' करार दिया है.

Read more!

डिंपल यादव का तीखा प्रहार

मैनपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान डिंपल यादव ने नोएडा हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "सरकार आंख मूंद कर बैठी है. मजदूर लंबे समय से अपनी मांगें उठा रहे थे, लेकिन उनकी आवाज को अनसुना किया गया. अगर इंटेलिजेंस और सरकार समय रहते उनकी बात सुनती, तो आज नोएडा जैसे शहर में ऐसी अनियंत्रित व्यवस्था और आगजनी की तस्वीरें सामने नहीं आतीं." उन्होंने इस पूरी घटना के लिए सीधे तौर पर सरकार को जिम्मेदार ठहराया.

अब तक 396 गिरफ्तार, पुलिस की भारी तैनाती

नोएडा के फेज-2, सेक्टर-57 और सेक्टर-121 जैसे इलाकों में भारी पत्थरबाजी और नारेबाजी की खबरें सामने आईं. पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया. प्रशासन ने अब तक इस मामले में 396 लोगों को गिरफ्तार या डिटेन किया है, जिनमें 392 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं. नोएडा के सेक्टर-121 की 'क्लो काउंट' सोसाइटी में काम करने वाली घरेलू सहायिकाओं (मेड्स) ने भी जमकर विरोध प्रदर्शन और पत्थरबाजी की है.

सरकार का फैसला और मजदूरों का भ्रम

हिंसा के बाद देर रात प्रशासन और श्रम विभाग की कमेटी ने मजदूरों के वेतन में बढ़ोतरी का ऐलान किया. नए फैसले के मुताबिक:

अनस्किल्ड (अकुशल) मजदूर: वेतन ₹11,313 से बढ़ाकर ₹13,690 प्रति माह कर दिया गया है.

सेमी-स्किल्ड और स्किल्ड मजदूर: इनके वेतन में भी श्रेणीवार बढ़ोतरी की गई है.

हालांकि, जमीन पर स्थिति अभी भी तनावपूर्ण है. कई मजदूरों का आरोप है कि उनकी कंपनियों ने उन्हें इस फैसले की कोई जानकारी नहीं दी है. कुछ मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि आज बिना किसी सूचना के कई फैक्ट्रियां बंद कर दी गईं, जिससे उनमें और अधिक रोष है.

नोएडा: उत्तर प्रदेश का मान और औद्योगिक हब

डिंपल यादव ने नोएडा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नोएडा उत्तर प्रदेश का मान है और एक बड़ा इंडस्ट्रियल हब है. अगर इतने महत्वपूर्ण शहर में ऐसी घटना हो रही है, तो समझा जा सकता है कि प्रदेश के गांवों और अन्य जिलों में क्या हालात होंगे. फिलहाल पुलिस बल पूरे इलाके में फ्लैग मार्च कर रहा है और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश की जा रही है.

 

    follow google news