दिल्ली से सटे हाईटेक शहर नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला और हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. यहां के बरौला इलाके में बीच सड़क पर पति-पत्नी और पत्नी के एक पुरुष मित्र (Male Friend) के बीच ऐसा खौफनाक बवाल हुआ, जिसे देखकर राहगीरों का कलेजा कांप उठा. पत्नी को दूसरे युवक के साथ घूमता देख पति का आपा इस कदर खो गया कि उसने बीच सड़क पर ही खूनी खेल शुरू कर दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
शॉपिंग के दौरान अचानक आ धमका पति
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना नोएडा के बरौला इलाके की है. बताया जा रहा है कि एक महिला अपने एक पुरुष मित्र के साथ बाजार में शॉपिंग करने के लिए पहुंची थी. दोनों बाजार में घूम ही रहे थे कि इसी दौरान महिला का पति भी अचानक वहां पहुंच गया. पत्नी को किसी दूसरे युवक के साथ देखकर पति का माथा घूम गया और उसने वहीं पर हंगामा शुरू कर दिया. पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई और जानलेवा मारपीट तक पहुंच गई.
पत्नी को बेरहमी से पीटा, चेहरे से बहने लगा खून
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सफेद टी-शर्ट पहने पति और काली टी-शर्ट पहने पत्नी का दोस्त बीच सड़क पर लोगों की भारी भीड़ के सामने एक-दूसरे से गुत्थमगुत्था हो रहे हैं और बेरहमी से लात-घूंसे चला रहे हैं. आरोप है कि इस दौरान गुस्से से पागल पति ने अपनी पत्नी की भी बेरहमी से पिटाई कर दी.
वीडियो में महिला की हालत बेहद खराब और दर्दनाक नजर आ रही है. वह खून से लथपथ हालत में सड़क पर बैठी हुई है और चोट इतनी गंभीर है कि वह ठीक से उठ भी नहीं पा रही है. उसके चेहरे से लगातार खून बहता दिख रहा है, जबकि वह इस हालत में भी दोनों को शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश कर रही थी. महिला का कहना है कि वह कोई बॉयफ्रेंड नहीं बल्कि उसका सिर्फ एक दोस्त था, लेकिन पति ने बिना कुछ सुने और समझे हमला कर दिया.
पुलिस ने दोनों को भेजा जेल
बीच सड़क पर हो रहे इस भयानक बवाल के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने आई.
नोएडा पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला की तहरीर और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. कानून हाथ में लेने और सरेराह मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने महिला के पति और उसके दोस्त, दोनों को ही गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT


