नोएडा के सेक्टर-57 और आसपास के इंडस्ट्रियल इलाकों में सोमवार को हुए उग्र मजदूर प्रदर्शन के बाद आज सुबह स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनाव बरकरार है. हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मजदूरों के न्यूनतम वेतन (Minimum Wage) में तत्काल बढ़ोतरी का ऐलान किया है. वहीं, दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
ADVERTISEMENT
दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर सघन चेकिंग
न्यू अशोक नगर और नोएडा सेक्टर-15 के बॉर्डर पर आज सुबह से ही उत्तर प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं. काम पर जाने वाले हर मजदूर और कर्मचारी की गहनता से जांच की जा रही है. पुलिसकर्मी न केवल पहचान पत्र (ID Cards) देख रहे हैं, बल्कि संदिग्धों के मोबाइल फोन भी चेक किए जा रहे हैं ताकि कल हुए उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि वे वीडियो फुटेज से मिलान कर रहे हैं कि क्या कोई व्यक्ति कल की तोड़फोड़ में संलिप्त था.
योगी सरकार का 'सैलरी' वाला मरहम
कल हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की समीक्षा की, जिसके बाद श्रम विभाग ने वेतन बढ़ोतरी का आदेश जारी किया. यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) और गाजियाबाद के लिए वेतन का नया ढांचा इस प्रकार है:
- अकुशल श्रमिक (Unskilled): वेतन ₹11,313 से बढ़ाकर ₹13,690 कर दिया गया है.
- अर्धकुशल श्रमिक (Semi-Skilled): वेतन ₹12,445 से बढ़ाकर ₹15,059 किया गया है.
- कुशल श्रमिक (Skilled): वेतन ₹13,940 से बढ़ाकर ₹16,868 कर दिया गया है.
प्रशासन का कहना है कि यह एक 'त्वरित फैसला' है और आने वाले दिनों में वेतन की व्यापक समीक्षा कर इसे और भी अपडेट किया जा सकता है.
उपद्रवियों की पहचान जारी
बॉर्डर पर तैनात अधिकारियों ने बताया कि वे फोटो और वीडियो के जरिए उपद्रवियों की तलाश कर रहे हैं. आम मजदूरों को काम पर जाने दिया जा रहा है, लेकिन संदिग्धों को रोककर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल नोएडा और दिल्ली बॉर्डर पर माहौल शांत है और लोग अपने दफ्तरों/फैक्ट्रियों की ओर रुख कर रहे हैं. वेतन में ₹2,500 से ₹3,000 तक की इस बढ़ोतरी को मजदूरों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT


