Noida workers protest: उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्ध नगर के नोएडा फेज-2 इलाके में बीते तीन दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारियों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा. यहां इस दिन सुबह बड़ी संख्या में श्रमिक सड़कों पर उतर आए और सैलरी बढ़ाने सहित कई मांगों को लेकर नारेबाजी करने लगे. देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रुप ले लिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सेक्टर-84 के पास दो गाड़िया को आग के हवाले कर दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ऐसे में स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा.
ADVERTISEMENT
पुलिस का हल्का बल प्रयोग और तनाव
जानकारी के अनुसार पुलिस की इस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी और अधिक उत्तेजित हो गए. उन्होंने फेज-2 के अलग अलग हिस्सों में सड़क जाम कर दी. इस दौरान तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बढ़ती महंगाई के इस दौर में उनकी मौजूदा सैलरी जीवनयापन के लिए पर्याप्त नहीं है. ऐसे में वे लंबे समय से कामकाजी परिस्थितियों में सुधार की मांग कर रहे हैं.
प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील
गौरतलब है कि बीते दिन कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों ने बैठक की थी. इस दौरान उनकी मांगों पर विचार करने और समाधान निकालने का भरोसा दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और सोमवार इस प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया.
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने की कोशिश में जुटा है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. वहीं घटना को लेकर अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मामले में जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
योगी सरकार का कर्मचारियों के हक में फैसला
इस तनावपूर्ण स्थिति से एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने श्रमिकों के हित में बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने गौतम बुद्ध नगर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए दोगुना ओवरटाइम भुगतान, समय पर वेतन और बोनस सीधे बैंक खाते में भेजने का नियम अनिवार्य कर दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रशासन की सख्ती और शांति की अपील
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नए नियमों को लागू करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी कर्मचारी से साप्ताहिक अवकाश के दिन काम लिया जाता है तो उसे दोगुनी दर से मजदूरी देनी होगी. हिंसा की घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने सभी पक्षों से शांति बनाए रखने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है.
यह भी पढ़ें:
ADVERTISEMENT


