अतीक अहमद के बेटे अहजाम से मिलीं पल्लवी पटेल, कंधे पर हाथ रख बंधाया ढांढस, जानिए मुलाकात के दौरान क्या हुई बात

शिवानी गोस्वामी

• 01:45 PM • 15 Aug 2026

Atiq Ahmed Family News: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के सड़क हादसे में निधन के बाद पल्लवी पटेल उनके प्रयागराज स्थित आवास पहुंचीं. पल्लवी पटेल ने अतीक के चौथे बेटे अहजाम से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की. इस मुलाकात का वीडियो पल्लवी पटेल ने खुद सोशल मीडिया पर साझा किया है.

अतीक अहमद के बेटे एहजम से मिलीं पल्लवी पटेल
अतीक अहमद के बेटे एहजम से मिलीं पल्लवी पटेल
Google CTA

Pallavi Patel Atiq Ahmed Son Ahzam Meeting: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किए जाने के बाद से ही इस मामले पर लगातार राजनीति देखने को मिल रही है. पहले जहां समाजवादी पार्टी के विधायक अतीक अहमद के परिवार से मिलने पहुंचे थे, वहीं अब इसी कड़ी में विधायक पल्लवी पटेल भी अतीक अहमद के चौथे बेटे अहजाम अहमद से मुलाकात करने के लिए उनके आवास पर पहुंचीं.

Read more!

इंस्टाग्राम पर पल्लवी पटेल ने शेयर किया मुलाकात का वीडियो

अतीक अहमद के चौथे बेटे अहजाम अहमद से मुलाकात का यह वीडियो पल्लवी पटेल ने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. शेयर किए गए वीडियो में अतीक अहमद का बेटा अहजाम अहमद पल्लवी पटेल के साथ नजर आ रहा है. मुलाकात के दौरान पल्लवी पटेल अहजाम से बातचीत करते हुए उसे ढांढस बंधाती हुई दिखाई दे रही हैं. अहजाम के चेहरे पर गहरा दुख और भावुकता साफ नजर आ रही है, वहीं पल्लवी पटेल बेहद ध्यान से उसकी बातें सुनती दिख रही हैं.

बिखरे परिवार का दर्द सुन दी हिम्मत

मुलाकात के दौरान अहजाम बताता है कि किस तरह उनका पूरा परिवार खत्म हो चुका है. उसके दो भाई जेल में बंद हैं, जबकि दो भाइयों की मौत हो चुकी है. पिता अतीक अहमद की पहले ही हत्या की जा चुकी है और मां शाइस्ता परवीन लगातार फरार चल रही हैं. इस मुलाकात के बाद जब पल्लवी पटेल वापस जाने लगीं, तो अहजाम उन्हें गाड़ी तक छोड़ने के लिए खुद बाहर आया. गाड़ी में बैठने से पहले पल्लवी पटेल ने अहजाम के कंधे पर हाथ रखा और उसे हिम्मत न हारने की बात कहते हुए हौसला बढ़ाया.

पोस्ट लिखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना

इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए पल्लवी पटेल ने लिखा कि पूर्व सांसद मेहरूम जनाब अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन के उपरांत उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की. उन्होंने आगे लिखा कि तथागत गौतम बुद्ध से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति दें.

सड़क हादसे में हुई थी सबसे छोटे बेटे अबान की मौत

आपको बता दें कि 6 अगस्त को प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहा अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद हादसे का शिकार हो गया था. झांसी-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने की वजह से हुए इस भयानक हादसे में अबान अहमद और राजू खान नाम के शख्स की जान चली गई थी.

पेरोल पर जनाजे में शामिल हुए थे जेल में बंद भाई

भाई के निधन के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट में पेरोल की अर्जी दाखिल की गई थी, ताकि लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद और झांसी जेल में बंद अली अहमद अपने छोटे भाई के जनाजे में शामिल हो सकें. हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद 8 अगस्त को दोनों भाइयों को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान लाया गया था. कसारी मसारी कब्रिस्तान में पिता अतीक अहमद की कब्र के पास ही अबान अहमद को दफनाया गया. अब पल्लवी पटेल के अतीक के बेटे अहजाम से मिलने के बाद यूपी की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी और हलचल तेज हो गई है.

यह भी पढ़े: भाई की मौत पर पैरोल पर निकले अतीक के बेटे उमर का बढ़ा संकट, समर्थकों की गुंडागर्दी के बाद एक्शन में पुलिस