Pappu Yadav पर जूता फेंकने के आरोपी सुमित की मां का छलका दर्द, बोलीं- 'ऑफिस का कहकर निकला था बेटा, हमें नहीं पता...'

सुषमा पांडेय

• 12:33 PM • 03 Aug 2026

Pappu Yadav Attack News: दिल्ली में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के आवास पर हुए हंगामे और हमले के मामले में आरोपी सुमित गिरी के बुलंदशहर स्थित घर पर मातम छाया हुआ है. आरोपी की मां ने रो-रोकर अपने बेटे की बेगुनाही की बात कही है.

पप्पू यादव पर फेंका गया जूता
पप्पू यादव पर फेंका गया जूता
Google CTA

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर दिल्ली स्थित उनके आवास पर हुई धक्का-मुक्की और जूता फेंकने की घटना के बाद सियासी माहौल गरमा गया है. इस मामले में पुलिस ने जिन दो युवकों पर आरोप लगाया है वे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के रहने वाले हैं. घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आते ही आरोपी सुमित गिरी के सिकंदराबाद स्थित शेपानी गांव में हड़कंप मच गया है.

Read more!

घर पर पसरा सन्नाटा, मां का रो-रोकर बुरा हाल

आरोपी सुमित गिरी की मां का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह फूट-फूटकर रोती नजर आ रही हैं. सुमित की मां ने बताया कि उन्हें इस पूरी घटना की जानकारी फोन और टीवी के जरिए मिली. उन्होंने बताया, "सुमित दोपहर करीब 12:30 से 1:00 बजे के आसपास घर से लंच बनवाकर ऑफिस जाने की बात कहकर निकला था. उसने ताऊजी के पास बैठकर खाना खाया और फिर निकल गया. हमें नहीं पता कि उसे कौन लेकर गया. हमारी कोई राजनीति नहीं है, बस मेरा बेटा सही-सलामत घर वापस आ जाए."

चाकू के दावे को परिजनों ने नकारा

पप्पू यादव के समर्थकों द्वारा सुमित के पास से बड़ा चाकू बरामद होने के दावों पर उसकी मां ने कहा कि उनके बेटे के पास कोई चाकू नहीं था. उनका आरोप है कि सुमित को घर के अंदर घसीटकर ले जाया गया और बाद में चाकू दिखाया गया. सुमित के साथ मौजूद उसके साथी हैप्पी शर्मा ने भी मीडिया से बातचीत में चाकू होने की बात से साफ इनकार किया है.

बीजेपी से जुड़े हैं सुमित के तार!

जानकारी के मुताबिक आरोपी सुमित गिरी सिकंदराबाद मंडल में बीजेपी नगर सचिव बताया जा रहा है. वह खेती और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है तथा गाजियाबाद में भी उसका एक ऑफिस है. घटना के बाद पप्पू यादव ने इसे जानलेवा हमला करार देते हुए उत्तर प्रदेश के नेताओं के साथ आरोपी की तस्वीरें साझा की हैं और राजनीतिक साजिश की जांच की मांग की है. वहीं, दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.


ये भी पढ़ें: UP: पति को नहीं छूने देती थी मोबाइल, बच्चों का खाना बनाने से करती थी इनकार, गुस्से में पति ने उठा लिया ये खौफनाक कदम