प्रयागराज में बंद मिली PhysicsWallah कोचिंग, क्या एक्शन के डर से भागे संचालक या वजह कुछ और है? जानें

प्रयागराज के 'PhysicsWallah' कोचिंग सेंटर के बंद होने की असल वजह प्रशासनिक कार्रवाई नहीं, बल्कि लखनऊ हादसे के शिकार छात्रों के प्रति शोक और संवेदना व्यक्त करना बताया गया है.

physicswallah
physicswallah

आनंद राज

follow google news

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हाल ही में एक कोचिंग और मॉल में हुए दर्दनाक हादसे के बाद पूरे राज्य में प्रशासन मुस्तैद है. अवैध और बिना फायर एनओसी के चल रहे कोचिंग सेंटरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की चर्चाएं गर्म हैं. इस बीच, जब 'यूपी तक' की टीम प्रतियोगी परीक्षाओं के गढ़ कहे जाने वाले प्रयागराज में कोचिंग सेंटरों का रियलिटी चेक करने निकली, तो वहां देश के जाने-माने एडटेक प्लेटफॉर्म 'फिजिक्स वाला' का सेंटर बंद पाया गया.

Read more!

चर्चाएं होने लगीं कि क्या प्रशासन की कार्रवाई या मानकों की कमी की वजह से इस बड़े सेंटर को बंद किया गया है? लेकिन जब ग्राउंड पर इसकी पड़ताल की गई, तो कहानी कुछ और ही निकली.

क्या एक्शन के डर से बंद हुई कोचिंग?

प्रयागराज में कई कोचिंग संस्थानों के खिलाफ प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है. बिना सुरक्षा मानकों के चल रहे सेंटरों के संचालक ताला बंद कर गायब हैं. ऐसे माहौल में फिजिक्स वाला सेंटर के बंद होने पर जब टीम ने ग्राउंड जीरो पर जाकर जांच की, तो बेसमेंट से लेकर ऊपरी मंजिलों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर आए.

सेंटर के एंट्री पॉइंट और सीढ़ियों पर बकायदा फायर एक्सटिंग्विशर (आग बुझाने वाले यंत्र), फ्लोर मैप, फायर अलार्म बेल और पानी की पाइपलाइन जैसी समुचित व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं.

शिक्षकों ने रोते हुए बताई बंद होने की असल वजह

कोचिंग के बंद होने की वजह कोई प्रशासनिक कार्रवाई या मानकों की कमी नहीं, बल्कि एक बेहद भावुक कर देने वाली वजह थी. वहां मौजूद कोचिंग के स्टाफ और शिक्षकों ने बताया कि लखनऊ में हुए हादसे में जिन मासूम छात्रों ने अपनी जान गंवाई है, यह सेंटर उनके शोक में बंद रखा गया है.

वहां मौजूद एक शिक्षक ने बेहद भावुक होते हुए कहा, "कल जो घटना हुई, वो पूरे भारत के लिए एक बहुत बड़ी त्रासदी है. बच्चे इस देश का भविष्य हैं. हमने कल वीडियो देखा, एक मां रो रही थी और उसका बच्चा सामने... ऐसी स्थिति में हम शिक्षक होकर कैसे कोचिंग खोलकर पढ़ा सकते हैं? हम सिर्फ शिक्षक नहीं हैं, हम उनके माता-पिता जैसे हैं. पीडब्लू (PW) उन बच्चों और परिवारों के दुख में उनके साथ खड़ा है. आज सेंटर पर छात्र आए थे, लेकिन हमने उनके साथ शोक सभा (कंडोलेंस) की और आज के लिए पढ़ाई स्थगित रखी."

जांच में मानक पाए गए पूरे

कोचिंग प्रबंधन ने साफ किया कि उनके यहां सुरक्षा के नियमों को लेकर कोई लापरवाही नहीं है. कुछ समय पहले ही फायर ब्रिगेड की टीम ने यहां का निरीक्षण किया था, जिसमें एग्जिट गेट से लेकर वेंटिलेशन और फायर फाइटिंग सिस्टम को पूरी तरह दुरुस्त पाया गया था.

 

    follow google news