प्रयागराज रेल हादसा: एक की जान बचाने को रोकी ट्रेन, ट्रैक पर उतरे 5 और मुसाफिरों की मौत

Prayagraj Train Accident: प्रयागराज के करछना में कालका मेल से एक यात्री के गिरने पर चेन पुलिंग की गई. ट्रेन रुकने पर ट्रैक पर उतरे पांच अन्य यात्री बगल से गुजर रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. इस दर्दनाक हादसे में फिरोजाबाद और मिर्जापुर के युवकों सहित पांच की मौत हो गई.

prayagraj
prayagraj

पंकज श्रीवास्तव

follow google news

Prayagraj Train Accident News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा सामने आया है. यमुनानगर जोन के करछना रेलवे स्टेशन के पांच लोग ट्रेनों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. 

Read more!

चेन पुलिंग बनी हादसे की वजह

ताजा जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:15 बजे कालका मेल (12312) जब करछना इलाके से गुजर रही थी, तभी एक यात्री ट्रेन से नीचे गिर गया. यात्री को गिरता देख साथी यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन पचदेवरा गांव के पास रुक गई. ट्रेन रुकते ही कुछ यात्री नीचे उतरकर रेल पटरी के किनारे खड़े हो गए.

इसी दौरान करीब 6:47 बजे दूसरी तरफ (मिर्जापुर की ओर) से आ रही तेज रफ्तार पुरुषोत्तम एक्सप्रेस (12801) वहां से गुजरी. पटरी पर खड़े यात्री उसकी गति का अंदाजा नहीं लगा पाए और पांच लोग ट्रेन की चपेट में आ गए.

मौके पर ही गई पांच जिंदगियां

हादसा इतना भयावह था कि पांचों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी 19 वर्षीय आकाश शामिल है, जो कोलकाता में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहा था. उसके साथ यात्रा कर रहे अजय पासी (निवासी कोलकाता) की भी मौत हो गई. इसके अलावा मिर्जापुर निवासी सुनील की पहचान हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.

मौके पर पुलिस-प्रशासन

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है.

शुरुआती जांच में लापरवाही की बात

पुलिस के अनुसार, सभी मृतक कालका मेल से यात्रा कर रहे थे और ट्रेन रुकने के बाद बिना सतर्कता के नीचे उतर गए थे. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पटरी पर खड़े के चलते यह हादसा हुआ है. हालांकि, रेलवे और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
 

    follow google news