Viral Video: क्या राजपाल यादव का मंच पर उड़ाया गया मजाक? सलमान खान के पोस्ट के बाद एक्टर ने तोड़ी चुप्पी

Rajpal Yadav Viral Video: वायरल वीडियो को लेकर विवादों में घिरे राजपाल यादव ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है. मंच पर मजाक उड़ाए जाने के आरोपों के बीच सलमान खान ने उनका समर्थन किया. जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई, क्या था पूरा मामला, और 5 करोड़ के लोन केस से जुड़ा पूरा अपडेट.

Rajpal Yadav controversy
Rajpal Yadav controversy

रजत सिंह

follow google news

बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों अपनी पेशेवर जिंदगी से ज्यादा कानूनी उलझनों और एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. लोन और चेक बाउंस के मामले में तिहाड़ जेल की सजा काट कर बाहर आए राजपाल यादव का एक हालिया वीडियो सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है. इस विवाद के बीच अब बॉलीवुड के 'सुल्तान' सलमान खान भी राजपाल यादव के समर्थन में उतर आए हैं. आइए विस्तार से जानते है मामले की पूरी कहानी.

Read more!

क्या है वायरल वीडियो का विवाद?

हाल ही में 'चेतक फिल्म स्क्रीन अवार्ड्स' के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एंकर सौरभ द्विवेदी और राजपाल यादव के बीच बातचीत हो रही है. वीडियो के एक हिस्से में राजपाल यादव कहते नजर आ रहे हैं कि उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा और वह बस 'शांति-शांति' कर रहे हैं. इस पर सौरभ द्विवेदी टिप्पणी करते हुए कहते हैं कि 'डॉलर और रुपया कितना भी ऊपर-नीचे हो जाए, उधार लिए गए पैसे तो लौटाने ही पड़ेंगे.' सोशल मीडिया पर इस वीडियो के छोटे से क्लिप को लेकर काफी बहस छिड़ गई और लोग इसे राजपाल यादव की मौजूदा स्थिति से जोड़कर देखने लगे.

सलमान खान ने किया राजपाल यादव का बचाव

इस पूरे घटनाक्रम पर तब नया मोड़ आया जब अभिनेता सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर राजपाल के समर्थन में एक भावुक पोस्ट लिखी. सलमान ने लिखा, 'राजपाल भाई, आप 30 साल से काम कर रहे हैं और हम सबने आपको बार-बार फिल्मों में इसलिए कास्ट किया क्योंकि आप अपना काम बखूबी जानते हैं. आपको काम बहुत मिलेगा और इसी डॉलर रेट पर मिलता रहेगा.' सलमान ने आगे लिखा कि फ्लो में कभी-कभी कुछ बातें निकल जाती हैं, लेकिन दिल लगाकर काम करते रहना चाहिए.

सलमान के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए राजपाल यादव ने उन्हें अपना बड़ा भाई बताया और शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि सलमान ने हमेशा उन्हें सही रास्ता दिखाया है.

राजपाल यादव ने वीडियो जारी कर दी सफाई

विवाद बढ़ता देख राजपाल यादव ने एक वीडियो जारी कर पूरी स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि अवार्ड शो के दौरान सौरभ द्विवेदी और जाकिर खान के साथ जो बातचीत हुई, वह दरअसल एक 'स्किट' (छोटा नाटक) का हिस्सा थी. राजपाल ने कहा कि हम दुनिया की अर्थव्यवस्था, युद्ध और आम आदमी पर पड़ने वाले असर को लेकर एक सीन डिजाइन कर रहे थे, लेकिन कभी-कभी उसका सही मतलब दर्शकों तक नहीं पहुंच पाता. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सौरभ द्विवेदी को लेकर गलत टिप्पणी न करें, क्योंकि वे उनके छोटे भाई जैसे हैं.

क्या है 5 करोड़ के लोन का मामला?

राजपाल यादव इस वक्त दिल्ली हाई कोर्ट में एक चेक बाउंस मामले का सामना कर रहे हैं. मामला साल 2010 का है, जब उन्होंने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से लगभग 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. इस लोन को चुकाने में असफल रहने और चेक बाउंस होने के चलते उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ी थी. फिलहाल वे जमानत पर बाहर हैं, लेकिन यह मामला अब भी चर्चा का विषय बना हुआ है.

    follow google news