Champat Rai Resignation: श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आज आयोजित हुई बड़ा फैसला लिया है. ट्रस्ट ने अपने महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्रा का इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने इस बैठक के बाद पूरी जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि राम मंदिर से भारी मात्रा में चढ़ावा चोरी होने का मामला सामने आने के बाद चंपत राय और डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था.
ADVERTISEMENT
उन्होंने कहा कि इस बैठक का मुख्य एजेंडा भी यही था कि इनके इस्तीफे को स्वीकार किया जाए या नहीं. अंततः ट्रस्ट ने दोनों का इस्तीफा मंजूर कर लिया, जिसके बाद चंपत राय और अनिल मिश्रा अब ट्रस्ट से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. स्वामी गोविंद देव गिरि ने यह भी साफ किया कि ट्रस्ट के नियमों के अनुसार यदि कोई ट्रस्टी इस्तीफा देता है तो उसे अपने आप ही मान्य मान लिया जाता है.
किसे सौंपी गई नई जिम्मेदारी?
चंपत राय के हटने के बाद अब ट्रस्ट के कामकाज को आगे बढ़ाने के लिए नए नाम की घोषणा कर दी गई है. बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लेते हुए कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव का कार्यभार सौंपा गया है. इसके साथ ही ट्रस्ट ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एक छोटी सी समिति का गठन भी किया है.
अस्वस्थ होने के बाद भी बैठक में पहुंचे महंत नृत्य गोपाल दास
इस बैठक की अध्यक्षता महंत नृत्य गोपाल दास ने की. हालांकि, खराब स्वास्थ्य के कारण उनका इस बैठक में आना काफी मुश्किल लग रहा था. विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश को उन्हें मनाने के लिए काफी प्रयास करने पड़े, जिसके बाद ही वह बैठक में शामिल होने के लिए तैयार हुए. बैठक में महंत नृत्य गोपाल दास बेहद आहत दिखाई दिए. बैठक के दौरान ट्रस्ट के कई सदस्य और संत, चंपत राय और अनिल मिश्रा से बुरी तरह नाराज नजर आए.
स्वामी परमानंद गिरि महाराज तो गुस्से में अपने आपे से बाहर हो गए. बैठक में मौजूद बाकी संतों ने भी इस दान चोरी और रामधन के गबन को लेकर भारी असंतोष और गहरी नाराजगी व्यक्त की. ट्रस्ट ने इस पूरी घटना पर गहरा खेद जताया है और यह स्वीकार किया है कि उनकी वित्तीय व्यवस्था में एक बहुत बड़ी चूक हुई है. हालांकि, राहत की बात यह है कि ट्रस्ट ने साफ किया है कि दान की हुई सभी चीजें पूरी तरह सुरक्षित हैं.
22 जुलाई को दोबारा होगी बड़ी बैठक, आएंगे कई बड़े फैसले
अब ट्रस्ट आगामी 22 जुलाई को एक बार फिर से बड़ी बैठक करने जा रहा है. तब तक इस मामले की जांच कर रही SIT की विस्तृत रिपोर्ट भी सामने आ जाएगी. 22 जुलाई को होने वाली इसी बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति के लिए फिर से चर्चा की जाएगी. इसके साथ ही आगामी व्यवस्था को संभालने के लिए कुछ नए पदाधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे और कुछ महिला न्यासियों (न्यासियों) की भी नियुक्ति की जाएगी.
ADVERTISEMENT


