मथुरा के वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की मौत का मामला उलझता जा रहा है. उनके प्राइवेट पार्ट पर चोट और चौथी मंजिल से गिरने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, मामले को लेकर सोशल मीडिया पर हर दिन नई-नई बातें सामने आ रही हैं. इसी बीच घटना से जुड़ा एक ताजा CCTV वीडियो सामने आया है. यह वीडियो 25 सितंबर का बताया जा रहा है. फुटेज में रसिक दुलारी शरण सीढ़ियों से होते हुए छत की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं. इस नए वीडियो के सामने आने के बाद मामले को लेकर एक बार फिर कई सवाल उठ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
पहले जानिए वीडियो में क्या दिखा?
रसिक दुलारी का यह सीसीटीवी वीडियो 25 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 10:25 बजे का बताया जा रहा है. वीडियो में रसिक दुलारी सीढ़ियों से होते हुए छत की तरफ बढ़ते नजर जा रहे हैं. इस दौरान उन्होंने सफेद रंग के कपड़े पहने हुए हैं. इस पर खून के धब्बे साफ नजर आ रहे हैं. उनके हाथ में एक पीले रंग का कपड़ा भी दिख रहा है. वे सीढ़ियां चढ़ते हुए बीच-बीच में इधर-उधर देखते हुए आगे बढ़ रहे हैं.
घटना के 9 दिन बाद आश्रम ने की ये अपील
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बढ़ती बयानबाजी के बीच राधा केलि कुंज ट्रस्ट की ओर से एक अधिकारिक अपील जारी की गई है. आश्रम ने पुष्टि करते हुए कहा कि इस दुखद घटना से पूज्य महाराज जी और पूरा परिकर गहराई से आहत है. ट्रस्ट ने पीड़ित साधक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और स्पष्ट किया है कि पुलिस प्रशासन की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा.
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं, साधकों और आम जनता से विशेष आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी अपुष्ट जानकारी या अनुमान के आधार पर अफवाह न फैलाएं. आश्रम ने लोगों से अपील की है कि प्रेमानंद महाराज या आश्रम की छवि को प्रभावित करने वाला कोई भी दुष्प्रचार न किया जाए.
कमरे से मिले सामान ने बढ़ाए सवाल
आपको बता दें कि मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले साधक रसिक दुलारी शरण की मौत 25 सितंबर को चौथी मंजिल से गिरने से हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मौत का मुख्य कारण अत्यधिक खून बहना बताया गया है. इसके अलावा उनके प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट या कटे होने की बात सामने आई है. पुलिस जांच के दौरान साधक के कमरे से एक ग्राइंडर भी बरामद किया गया है, जिसने मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है.
परिजनों का आक्रोश और निष्पक्ष जांच की मांग
रसिक दुलारी शरण की मौत के कारणों को लेकर उनके परिजनों के मन में कई गंभीर सवाल हैं. परिजन पूरी घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच चाहते हैं. अपनी इसी मांग को लेकर वे आश्रम के बाहर पहुंचकर अपना विरोध और आक्रोश भी दर्ज करा चुके हैं. उनका कहना है कि वे केवल यह जानना चाहते हैं कि आखिर सच्चाई क्या है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी.
अब पुलिस की अंतिम जांच पर टिकी हैं निगाहें
ट्रस्ट की अपील और नए वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. एक तरफ जहां आश्रम प्रशासन पुलिस को जांच में पूरे सहयोग का भरोसा दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ परिजन अपने सवालों के ठोस जवाब का इंतजार कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच में रसिक दुलारी शरण की मौत की पूरी सच्चाई कब और किस रूप में सामने आती है.
यह भी पढ़ें: दीपक से रसिक दुलारी बने प्रेमानंद जी महाराज के शिष्य का जबलपुर से क्या है कनेक्शन ? वृंदावन आश्रम में क्या हुआ था?
ADVERTISEMENT


