Ravi Kishan Gorakhpur Waterlogging Video: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम और प्रशासन के दावों की हवा निकाल कर रख दी है. शहर के कई निचले इलाके जलमग्न हैं और दुकानों व मकानों में पानी घुस गया है. इस बीच गोरखपुर के बीजेपी सांसद रवि किशन और बेतिहाता वार्ड के बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच हुई एक कथित फोन बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सूबे की सियासत में हलचल मचा दी है.
ADVERTISEMENT
'जलभराव की शिकायत की तो बोले- सपा ज्वाइन कर लिए क्या?'
वायरल ऑडियो में पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी, सांसद रवि किशन को इलाके में जलभराव और पंप हाउस/रेगुलेटर चालू न होने की शिकायत करते सुनाई दे रहे हैं. पार्षद का कहना है कि जब उन्होंने सांसद से जल निकासी का इंतजाम पूछना चाहा, तो सांसद रवि किशन ने उल्टे सवाल दाग दिया "का हो, सपा ज्वाइन कर लेला का?"
इस पर पार्षद ने भी कड़ा एतराज जताते हुए जवाब दिया- "सांसद जी, शहर पानी में डूब रहा है और आप दल की बात कर रहे हैं? अगर सवाल पूछ लिया तो क्या सपा ज्वाइन कर लिया? आप क्या बसपा ज्वाइन कर लिए हैं?" इसके बाद ऑडियो में सांसद 'ब्राह्मण देवता-ब्राह्मण देवता' कहते और बात टालते नजर आ रहे हैं.
पार्षद का तंज- 'फिल्मी दुनिया से बाहर निकलें सांसद जी'
ऑडियो वायरल होने के बाद पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी मीडिया के सामने आए और उन्होंने सांसद पर जमकर भड़ास निकाली. उन्होंने कहा, "जनता संकट में है, व्यापारियों के करोड़ों का सामान डूब गया है और सांसद जी हमसे दल पूछ रहे हैं. जनप्रतिनिधि का काम जनता की दुख-तकलीफ दूर करना है. सांसद जी को फिल्मी दुनिया की कलाकारी छोड़कर धरातल पर आना चाहिए और जनता का दर्द समझना चाहिए."
पार्षद ने यह भी दावा किया कि उनके सवाल पूछने और वीडियो-ऑडियो वायरल होने के बाद ही सांसद रवि किशन को मजबूरी में आधी रात को जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण करने निकलना पड़ा.
आवास के बाहर भरा पानी तो लोगों ने कसा 'स्पेन' का तंज
विवाद के बीच सांसद रवि किशन के रामगढ़ ताल (लेक व्यू लेन) स्थित आवास के बाहर का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उनके घर के बाहर भी घुटनों तक पानी भरा हुआ है और गाड़ियां पानी में डूबी दिख रही हैं. राहगीर और स्थानीय लोग वहां से गुजरते हुए सांसद के पुराने बयानों का हवाला देकर चुटकी ले रहे हैं कि "ये देखिए, सांसद जी का स्पेन पानी में डूब रहा है."
विपक्ष हमलावर, बैकफुट पर आए सांसद रवि किशन
ऑडियो वायरल होते ही कांग्रेस और सपा समेत विपक्षी दल हमलावर हो गए हैं. कांग्रेस ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि जब बीजेपी अपने ही पार्षद की बात सुनने को तैयार नहीं है और सवाल पूछने पर ओछी बातों पर उतर आती है, तो आम जनता की क्या बिसात?
विवाद गहराने के बाद सांसद रवि किशन, मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर निगम के अधिकारियों के साथ लबालब पानी में उतरे और निरीक्षण किया. मीडिया से बात करते हुए रवि किशन ने कहा, "15-19 सालों में ऐसी बारिश किसी ने नहीं देखी. बादल फटने जैसी स्थिति थी. हालांकि हमारी सरकार और प्रशासन 24 घंटे मुस्तैद हैं. पंपिंग सेट और पुल-आउट मशीनें लगातार काम कर रही हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद हर आधे घंटे में अपडेट ले रहे हैं." वहीं वायरल ऑडियो के सवाल पर उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया.
कौन हैं विश्वजीत त्रिपाठी?
विश्वजीत त्रिपाठी गोरखपुर नगर निगम के बेतियाहाता दक्षिणी वार्ड से भाजपा पार्षद हैं. वह स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेता माने जाते हैं. इससे पहले वह समाजवादी पार्टी (सपा) से जुड़े थे और सपा के टिकट पर पार्षद चुने गए थे. फरवरी 2024 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था.
यह भी पढ़ें: UP Election 2027: यूपी में किसकी बन रही सरकार? 403 सीटों पर सामने आया सर्वे
ADVERTISEMENT


