न कैश...न गाड़ी, सहारनपुर में मेजर ने कैप्टन दुल्हन संग लिए फेरे, दहेज में लिया सिर्फ 1 रुपया

सहारनपुर के मीरपुर गांव में भारतीय सेना के मेजर मधुर चौधरी ने कैप्टन ज्योति के साथ बिना दहेज के शादी कर मिसाल पेश की है. दूल्हे के परिवार ने शगुन में केवल 1 रुपया और नारियल लेकर समाज को दहेज मुक्त विवाह और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का मजबूत संदेश दिया है.

saharanpur
saharanpur

राहुल कुमार

follow google news

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक ऐसी शादी हुई है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. भारतीय सेना में मेजर के पद पर तैनात एक युवक ने सेना की ही कैप्टन बिटिया के साथ सादगी से विवाह किया. इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि दूल्हे के परिवार ने दहेज के रूप में केवल एक रुपया और एक नारियल स्वीकार कर समाज को कुप्रथाओं के खिलाफ बड़ा संदेश दिया है.

Read more!

धार्मिक यात्रा के दौरान तय हुआ था रिश्ता

यह मामला सरसावा क्षेत्र के मीरपुर गांव का है. यहां के निवासी और रिटायर्ड फौजी चौधरी ओमपाल सिंह ने अपने बेटे मेजर मधुर चौधरी का विवाह ब्रजमंडल की रहने वाली ज्योति सौरोत से तय किया था. ज्योति भी भारतीय सेना में कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं. दोनों परिवारों की पहली मुलाकात मथुरा में एक धार्मिक यात्रा के दौरान हुई थी, जहां से बातचीत शुरू हुई और यह रिश्ता शादी तक पहुंचा. सुरक्षा कारणों से दोनों अधिकारियों की वर्तमान पोस्टिंग को गोपनीय रखा गया है.

बहू ही सबसे बड़ा धन: दूल्हे के पिता

दूल्हे के पिता ओमपाल सिंह सरसावा आर्य जाट समाज विकास समिति के संयुक्त सचिव हैं, उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि वे अपने बेटे की शादी में दहेज नहीं लेंगे.

उन्होंने कहा, "हमारे लिए बहू ही सबसे बड़ा दहेज और धन है. हम समाज को यह बताना चाहते हैं कि बेटियां बोझ नहीं होतीं. बच्चों को गुणवान बनाइए, धनवान नहीं."

समाज के लिए बनी मिसाल

16 मार्च 2026 को संपन्न हुई इस शादी ने युवाओं के लिए एक मिसाल पेश की है. ग्रामीणों और इलाके के लोगों का कहना है कि जब इतने बड़े पदों पर बैठे अधिकारी बिना दहेज के शादी कर सकते हैं, तो आम जनता को भी इस दिशा में सोचना चाहिए.

 

    follow google news