UP पुलिस भर्ती का एग्जाम देकर निकली आकांक्षा, फिर कुछ ही देर बाद पति की हो गई हत्या... सहारनपुर की इस वारदात ने सबको हिला दिया

राहुल कुमार

10 Jun 2026 (अपडेटेड: Jun 10 2026 8:42 PM)

Saharanpur Shiv Kumar Murder Case: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में ऑनर किलिंग की एक खौफनाक वारदात सामने आई है. जहां यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देकर बाहर निकली नवविवाहिता आकांक्षा के सामने ही उसके सगे भाई और मामा ने पति शिव कुमार की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी. शादी के महज 4 महीने बाद हुए इस खूनी खेल से पूरा इलाका दहल उठा है.

Saharanpur Shiv Kumar Murder Case
Saharanpur Shiv Kumar Murder Case
Google CTA

Saharanpur Shiv Kumar Murder Case: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र से एक दिल को झकझोर देने वाली ऑनर किलिंग की वारदात सामने आई है. एक तरफ जहां प्रदेश में कड़ी सुरक्षा के बीच यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा चल रही थी, वहीं दूसरी तरफ एक परीक्षा केंद्र के ठीक बाहर प्यार करने की ऐसी खौफनाक सजा दी गई जिसे देखकर हर किसी का कलेजा कांप उठा. शादी के महज 120 दिन यानी 4 महीने बाद ही एक सगे भाई ने अपनी ही बहन का सिंदूर हमेशा के लिए मिटा दिया.

Read more!

जानिए क्या है पूरा मामला...

मूल रूप से जनपद शामली के थाना बाबरी क्षेत्र के निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दिलवाने के लिए सहारनपुर के कृषि इंटर कॉलेज आए थे. आकांक्षा परीक्षा केंद्र के अंदर बैठकर अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए परीक्षा दे रही थी, लेकिन उसे इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि परीक्षा केंद्र के बाहर उसके ही मायके वाले उसकी खुशियां छीनने की साजिश रच रहे थे.

आकांक्षा जैसे ही परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकली, वह अपने पति शिव कुमार के साथ एक स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर हाईवे की तरफ बढ़ने लगी. तभी पहले से घात लगाए बैठे आकांक्षा के सगे भाई मनजीत, उसकी मां, बहन, जीजा और सगे मामा (धर्मवीर और कर्मवीर) ने गाड़ी को घेर लिया.

खिड़की से सटाकर मारी गोली, तड़पकर तोड़ा दम

रोती-बिलखती आकांक्षा ने आपबीती सुनाते हुए बताया, "हमने 4 महीने पहले लव मैरिज की थी. तब से ही मेरे घरवाले हमारी जान के दुश्मन बने हुए थे. आज जब हम लोग परीक्षा देकर जा रहे थे तो रास्ते में स्कॉर्पियो गाड़ी की खिड़की से बिल्कुल सटाकर मेरे भाई ने मेरे आदमी को गोली मार दी. गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़े."

शिव कुमार को लहूलुहान हालत में तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामपुर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान शिव कुमार ने दम तोड़ दिया. हाथों में शादी का लाल चूड़ा पहने आकांक्षा का अस्पताल परिसर में रो-रोकर बुरा हाल है. वह चीख-चीख कर अपने पति के हत्यारे भाई और परिवार के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग कर रही है.

लव मैरिज से नाराज था लड़की का परिवार: पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. सहारनपुर पुलिस के आला अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक शिव कुमार और आकांक्षा ने करीब 4 महीने पहले प्रेम विवाह किया था, जिससे लड़की के परिवार वाले नाखुश थे और लगातार अनबन चल रही थी. आज जब लड़की एग्जाम देकर बाहर निकली तो उसके सगे भाई और मामा ने पीछा किया और शिव कुमार पर फायर झोंक दिया. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: पहले बाप-बेटे को मारी गोली, फिर कुछ घंटों बाद आरोपी की भी हो गई मौत...बागपत में ट्रिपल मर्डर की फिल्मी कहानी ने सबको किया हैरान