कौन थे ITBP DIG परमिंदर सिंह, जिनकी सहारनपुर हाईवे हादसे में गई जान? जानें कैसे हुआ भीषण एक्सीडेंट

राहुल कुमार

• 12:05 PM • 16 Aug 2026

Parminder Singh ITBP DIG Death: सहारनपुर के सरसावा में देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मसूरी से अंबाला जा रही ITBP के DIG परमिंदर सिंह की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघकर सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से टकरा गई. हादसे में DIG और उनके ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हैं.

सहारनपुर में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर भीषण हादसा
सहारनपुर में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर भीषण हादसा
Google CTA

Saharanpur ITBP DIG Accident News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दुखद खबर सामने आई है. सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर झबीरन कट के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी (DIG) परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार परिवार के सदस्यों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

Read more!

कौन हुआ हादसा?

मिली जानकारी के मुताबिक, ITBP के DIG परमिंदर सिंह अपनी सरकारी स्कॉर्पियो गाड़ी (CH 01 G 152) से अंबाला जा रहे थे. शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी सरसावा थाना क्षेत्र के झबीरन कट के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित हो गई. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले हाईवे के डिवाइडर से टकराई और फिर उसे पार करते हुए दूसरी लेन में चली गई. इसी दौरान सामने से हरिद्वार माथा टेकने जा रहे परिवार की स्विफ्ट डिजायर कार (HR 51 AR 8620) से उसकी भीषण आमने-सामने की टक्कर हो गई.

अस्पताल में डॉक्टरों ने DIG और ड्राइवर को किया मृत घोषित

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और 5 मिनट के भीतर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ियों से घायलों को बाहर निकालकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रविशंकर को मृत घोषित कर दिया.

कौन थे ITBP DIG परमिंदर सिंह?

ITBP DIG परमिंदर सिंह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस यानी ITBP में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के पद पर तैनात थे. हादसे के समय वह मसूरी में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद सरकारी स्कॉर्पियो से अंबाला जा रहे थे. सहारनपुर के सरसावा इलाके में उनकी स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर सामने से आ रही कार से टकरा गई. इस भीषण हादसे में परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रविशंकर की मौत हो गई.

हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल

हादसे में DIG के साथ तैनात गनर जयराम भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है. वहीं, दूसरी कार में सवार गुरु नानक सिंह, देवेंद्र कौर और गुरनाम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उनके सिर व सीने में गंभीर चोटें आई हैं.

पुलिस हादसे की जांच में जुटी

सहारनपुर पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गाड़ी अनियंत्रित कैसे हुई-क्या चालक को झपकी आई थी, बारिश की वजह से फिसलन थी या फिर किसी वाहन को बचाने के चक्कर में स्टेरिंग से नियंत्रण खो गया था. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच को आगे बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें: मेरठ: घर में खींचकर पीटा, फोन छीना और दी धमकी... डिलीवरी बॉय के साथ कपल ने क्या-क्या किया? खुद सामने आकर सुनाई आपबीती