उत्तर प्रदेश के संभल में बुर्के में कांवड़ लाकर सुर्खियों में आईं तमन्ना मलिक एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उनकी चर्चा का कारण उनकी कांवड़ यात्रा नहीं, बल्कि उनका तीखा अंदाज और हाथ में लहराती तलवार है. हरिद्वार से करीब 200 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर संभल पहुंची तमन्ना ने उन लोगों को सख्त चेतावनी दी है जो उनके बुर्का पहनकर महादेव की पूजा करने पर सवाल उठा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
'बुर्का किसी के बाप की जागीर नहीं'
सोशल मीडिया पर अपनी कांवड़ यात्रा को लेकर हो रही बयानबाजी से तमन्ना मलिक बेहद नाराज दिखीं. उन्होंने कैमरे के सामने तलवार निकालते हुए कहा, 'अगर किसी ने मुझे परेशान किया या बुर्के पर सवाल उठाया, तो इससे फाड़ दूंगी. बुर्का पहनना मेरी मर्जी है, यह किसी के बाप की जागीर नहीं है.' तमन्ना ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मर्जी से बुर्का पहनती हैं और महादेव की भक्ति करती हैं, इसमें किसी को हस्तक्षेप करने का हक नहीं है.
महादेव का जलाभिषेक और महंत से मिली तलवार
तमन्ना मलिक ने संभल के प्रसिद्ध सेमनाथ तीर्थ पर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दूध और दही से जलाभिषेक किया. उनके साथ उनके पति अमन त्यागी भी मौजूद थे. इस दौरान मंदिर के महंत ने तमन्ना की भक्ति और साहस को देखते हुए उन्हें आत्मरक्षा के लिए एक तलवार भेंट की. तमन्ना ने इसी तलवार को लहराते हुए अपने विरोधियों को जवाब दिया और कहा कि जरूरत पड़ने पर वे इसका इस्तेमाल भी करेंगी.
4 साल पहले की थी लव मैरिज
तमन्ना की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. उन्होंने करीब 3-4 साल पहले अमन त्यागी से प्रेम विवाह किया था और हिंदू धर्म अपना लिया था. तमन्ना का कहना है कि उनके ससुराल और पति को उनके पहनावे या पूजा-पाठ से कोई दिक्कत नहीं है. हरिद्वार से संभल तक की यात्रा में उन्हें बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के साथ-साथ पुलिस का भी पूरा सहयोग मिला.
2027 में 'योगी सरकार' के लिए फिर लाएंगे कांवड़
तमन्ना के पति अमन त्यागी ने दावा किया कि यह उनकी आस्था की शुरुआत है. उन्होंने संकल्प लिया है कि साल 2027 में उत्तर प्रदेश में दोबारा योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने की प्रार्थना के साथ वे फिर से जोड़े में कांवड़ लेकर आएंगे. फिलहाल, बुर्के में कांवड़ और हाथ में तलवार लिए तमन्ना मलिक की तस्वीरें और बयान सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ चुके हैं.
यहां देखें वीडियो
यह खबर भी पढ़ें: अलीगढ़ मंदिर विवाद: सीओ से उलझना करणी सेना नेता को पड़ा भारी, भड़काऊ भाषण के बाद पुलिस ने भेजा जेल
ADVERTISEMENT

