उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं. इसी बीच भाजपा नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल में आग की तरह फैल गया है. इस वीडियो में संगीत सोम बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के लिए 'भू-माफिया' जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं. लेकिन क्या वाकई उन्होंने ऐसा कहा? यूपी तक की पड़ताल में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई है.
ADVERTISEMENT
क्या है वायरल वीडियो में?
वायरल हो रही छोटी सी क्लिप में संगीत सोम कहते दिख रहे हैं,
'ये अंबेडकर भू-माफिया है, ये जिस प्लॉट पर खड़ा होता है उसे कब्जाता है और फिर उंगली उठाकर कहता है कि अगला प्लॉट जाकर कब्जा लो.'
इस वीडियो के सामने आते ही विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने संगीत सोम पर तीखा हमला बोलना शुरू कर दिया.
पूरी सच्चाई: आजम खान के बयान का किया था जिक्र
जब इस भाषण का पूरा वीडियो देखा गया, तो कहानी बिल्कुल अलग निकली. दरअसल, संगीत सोम 30 मार्च को मेरठ के भगवानपुर गांव में बाबा साहब की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे थे. मंच से वे समाजवादी पार्टी पर निशाना साध रहे थे. उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के एक पुराने बयान को दोहराते हुए कहा कि आजम खान ने बाबा साहब के लिए इन अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था.
संगीत सोम ने मंच से कहा, 'आजम खान ने बाबा साहब के सम्मान में गुस्ताखी की थी और कहा था कि ये अंबेडकर भू-माफिया है... तब अखिलेश जी आप मंच पर बैठकर ताली बजा रहे थे.' यानी संगीत सोम ने ये शब्द खुद नहीं कहे, बल्कि वे आजम खान के पुराने बयान पर तंज कस रहे थे.
सपा और पीडीए पर तीखा हमला
इस जनसभा में संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि अब इसमें से 'PD' हट गया है और सिर्फ 'A' यानी अखिलेश, आतंकवाद और हकीकत रह गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा जब भी सत्ता में आती है, आतंकियों को संरक्षण देने का काम करती है.
संगीत सोम का वायरल हो रहा वीडियो अधूरा और भ्रामक है. उन्होंने बाबा साहब का अपमान नहीं किया, बल्कि सपा नेताओं द्वारा बाबा साहब के प्रति की गई कथित टिप्पणियों को लेकर अखिलेश यादव को घेरा था.
ADVERTISEMENT


