खत्म हुई कड़वाहट! SDM ज्योति मौर्या और पति आलोक में हुई सुलह, अब एक ही छत के नीचे रहेगा परिवार

एसडीएम ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या ने अपने पुराने विवादों को खत्म करते हुए आपसी सुलह कर ली है. दोनों अब अपनी बेटियों के भविष्य के लिए एक ही छत के नीचे साथ रह रहे हैं और आलोक मौर्या अपनी आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए हैं.

SDM Jyoti Maurya
SDM Jyoti Maurya

मधुर यादव

follow google news

उत्तर प्रदेश की चर्चित एसडीएम (SDM) ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब आखिरकार खत्म हो गया है. सोशल मीडिया और कानूनी गलियारों में सुर्खियों में रहने वाले इस जोड़े ने आपसी कड़वाहट को भुलाकर एक नई शुरुआत करने का फैसला किया है. ताज़ा जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच सुलह हो चुकी है और अब वे अपनी दो बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए एक ही छत के नीचे साथ रह रहे हैं.

Read more!

बच्चों के लिए एक साथ आया जोड़ा

ज्योति मौर्या और आलोक मौर्या का विवाद किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था, जिसकी तुलना अक्सर फिल्म 'सूर्यवंशम' से की जाती थी. हालांकि, आपसी आरोपों और कानूनी लड़ाई के बाद दोनों ने महसूस किया कि उनके झगड़ों का बुरा असर उनकी दो जुड़वा बेटियों के जीवन पर पड़ रहा है. बच्चों के करियर और मानसिक शांति को ध्यान में रखते हुए दोनों ने आपसी समझौते (Out-of-court settlement) का रास्ता चुना. अब जब भी ज्योति मौर्या अपनी ड्यूटी (वर्तमान में नोएडा में तैनात) से खाली होकर घर आती हैं, तो पूरा परिवार प्रयागराज में एक साथ रहता है.

आलोक मौर्या की नई शुरुआत

विवादों से दूर होने के बाद आलोक मौर्या एक बार फिर अपने करियर पर ध्यान दे रहे हैं. 3 साल तक सोशल मीडिया से दूर रहने के बाद आलोक अब कई प्रतियोगी परीक्षाओं (UPPSC, RO/ARO) में शामिल हो रहे हैं. चर्चा है कि कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों ने उन्हें चुनाव लड़ने और देश सेवा का ऑफर भी दिया था, लेकिन आलोक ने फिलहाल अपनी पढ़ाई और तरक्की पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है.

क्या था पूरा विवाद?

बता दें कि साल 2010 में ज्योति और आलोक की शादी हुई थी. आलोक ने अपनी पत्नी ज्योति को पढ़ाया-लिखाया और साल 2015 में ज्योति ने पीसीएस (PCS) परीक्षा में 16वीं रैंक हासिल की. विवाद तब शुरू हुआ जब आलोक ने ज्योति पर होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे के साथ अफेयर और खुद को जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया. वहीं ज्योति ने आलोक पर धोखाधड़ी (शादी के वक्त खुद को अधिकारी बताने) और दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. यह मामला कोर्ट तक पहुंचा और सोशल मीडिया पर 'ठुकरा के मेरा प्यार' जैसे डायलॉग्स के साथ खूब वायरल हुआ.

अब सुखद मोड़ पर कहानी

तमाम आरोपों-प्रत्यारोपों के बाद अब इस कहानी का सुखद अंत होता दिख रहा है. दोनों ने मीडिया से दूरी बना ली है और अपने निजी जीवन को शांति से जीने का फैसला किया है. आलोक मौर्या अभी भी पुरुष आयोग के गठन की मांग को लेकर मुखर हैं, लेकिन उनका प्राथमिक ध्यान अब अपने परिवार और करियर की नई ऊंचाइयों को छूने पर है.

 

    follow google news