Shahjahanpur news: हिंदूवादी लड़कों ने मुस्लिम समाज के लड़कों से करवाई कान पकड़ के उठक-बैठक, जानें क्या है मामला

शाहजहांपुर में हिंदू देवी-देवताओं पर विवादित AI रील बनाने के आरोप में दो मुस्लिम युवकों को हिंदू संगठनों ने हनुमान जी की मूर्ति के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई और उनसे 'जय श्री राम' के नारे लगवाए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

Shahjahanpur News
Shahjahanpur News

विनय पांडेय

follow google news

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां हिंदू देवी-देवताओं का कथित अपमान करने वाली AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) रील बनाना दो मुस्लिम युवकों को महंगा पड़ गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद गुस्साए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ा और हनुमान जी की मूर्ति के सामने उनसे कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई. इस दौरान युवकों से 'जय श्री राम' के नारे भी लगवाए गए.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

यह घटना शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के चिठड़ा चिठड़ी गांव की है. आरोप है कि यहां के दो मुस्लिम युवकों ने एआई (AI) तकनीक का इस्तेमाल करके हिंदू देवी-देवताओं की एक रील बनाई थी. इस रील में भगवान हनुमान जी के साथ विवादित ऑडियो और नारे जोड़े गए थे. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी फैल गई.

मूर्ति के सामने मांगी माफी, लगवाए गए नारे

वीडियो वायरल होने के बाद दर्जनों की संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता चिठड़ा चिठड़ी गाँव पहुँच गए. कार्यकर्ताओं ने दोनों आरोपी युवकों को पकड़ लिया और उन्हें बजरंगबली की मूर्ति के पास ले गए. वहाँ युवकों से मूर्ति के पैर छूकर माफी मंगवाई गई और कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई गई. मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिनके सामने युवकों से 'जय श्री राम' के नारे लगवाए गए. हिंदू संगठनों ने युवकों को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया और इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.

सामाजिक सौहार्द की अपील

इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है. जानकारों का मानना है कि डिजिटल युग में रील बनाने के चक्कर में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना भारी पड़ सकता है. समाज के प्रबुद्ध लोगों ने अपील की है कि सभी धर्मों के लोगों को एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करना चाहिए ताकि देश में शांति और भाईचारा बना रहे.

 

    follow google news