UP: बुर्का पहनी महिला को पहले सुनसान गली में घसीटा, मारपीट की और उसके बाद, सीसीटीवी में कैद हुई मंजीत की करतूत

शामली के गढ़ी पुख्ता बाजार में मंजीत नामक युवक ने एक बुर्का पहनी महिला को सरेराह घसीटकर उसके साथ मारपीट की, जिसका सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

शामली  न्यूज
शामली न्यूज

न्यूज तक डेस्क

follow google news

उत्तर प्रदेश के शामली जिले से महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ के गढ़ी पुख्ता बाजार में एक युवक ने सरेराह बुर्का पहनी महिला का पीछा किया, उसका हाथ पकड़कर उसे सुनसान गली में घसीटा और उसके साथ मारपीट की. यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Read more!

बाजार से दवा लेकर लौट रही थी महिला

जानकारी के अनुसार, घटना 19 अप्रैल की है. पीड़ित महिला अपने एक परिजन के साथ बाजार से दवा लेकर घर लौट रही थी. इसी दौरान मंजीत नाम के एक युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मंजीत दौड़कर आता है और महिला का हाथ पकड़ लेता है. वह विरोध के बावजूद उसे घसीटते हुए एक गली के भीतर ले जाता है.

गाली-गलौज और मारपीट का आरोप

आरोप है कि गली में ले जाने के बाद मंजीत ने महिला के साथ जमकर गाली-गलौज की और उसका हाथ मरोड़ दिया. इतना ही नहीं, युवक ने महिला पर लातें भी बरसाईं. महिला के शोर मचाने पर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी मंजीत महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया.

पुलिस का एक्शन: आरोपी मंजीत गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज वायरल होने और सोशल मीडिया पर लोगों के गुस्से के बाद पुलिस हरकत में आई. पीड़ित पक्ष की तहरीर पर शामली पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया है. शामली पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि अभियुक्त के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.

कानून के इकबाल पर सवाल

सरेराह हुई इस घटना ने स्थानीय कानून व्यवस्था और अपराधियों के मन में पुलिस के खौफ पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. दिनदहाड़े बाजार जैसे इलाके में एक महिला के साथ ऐसी बदसलूकी अपराधियों के बढ़ते हौसलों की ओर इशारा करती है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मंजीत ने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया.

 

    follow google news