Haryanvi Singer Ankit Balian Murder Case Shamli: शामली सदर कोतवाली क्षेत्र के नाला पटरी आर्यपुरी इलाके में बुधवार की शाम एक ऐसी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया, जिसने पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को दहलाकर रख दिया. रोज की तरह जिम में पसीना बहाकर बाहर निकल रहे प्रसिद्ध हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान को घात लगाकर बैठे चार हथियारबंद बदमाशों ने गोलियों से भून डाला.
इस हत्याकांड का एक खौफनाक और दिल दहला देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है, जिसमें अंकित की जिंदगी के आखिरी 30 सेकेंड का भयानक मंजर साफ दिखाई दे रहा है.
ADVERTISEMENT
1 मिनट 6 सेकंड की फुटेज में कैद हुआ पूरा खौफनाक खेल
करीब 1 मिनट 6 सेकंड की इस फुटेज ने पुलिसिया चौकसी पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सीसीटीवी वीडियो के अनुसार:
- अंकित बालियान शाम करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच जिम से बाहर निकलते हैं और मात्र 20 मीटर की दूरी पर खड़ी अपनी स्कर्पियो कार की तरफ बढ़ते हैं.
- तभी अचानक बिना नकाब के पहुंचे चार बेखौफ बदमाश उन्हें घेर लेते हैं और बिना एक पल गंवाए बेहद करीब से एक के बाद एक ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर देते हैं.
- गोलियां लगते ही अंकित वहीं सड़क पर गिर पड़ते हैं और हमलावर उन्हें खून से लथपथ हालत में छोड़कर मौके से आसानी से फरार हो जाते हैं.
अंकित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
"500 गज की दूरी पर कोतवाली, फिर भी मर्डर": परिजनों का फूटा गुस्सा
हत्या की खबर मिलते ही गांव और परिजनों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. अंकित की मां अपने कलेजे के टुकड़े के शव को गोद में लेकर सड़क पर बैठ गई, जिसकी दर्दनाक तस्वीरें देख हर किसी की आंखें नम हो गईं. परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते हुए आरोपियों के तुरंत एनकाउंटर की मांग की.
अंकित के पिता ने सवाल उठाते हुए कहा: "जिस जगह मर्डर हुआ है, वहां अमूमन 3 से 4 पुलिस वाले हमेशा तैनात रहते हैं और महज 500 गज की दूरी पर कोतवाली है. घटना के वक्त एक भी पुलिसवाला वहां मौजूद नहीं था. अपराधी दूसरे राज्यों से आकर दिनदहाड़े गोलियां चला रहे हैं और पुलिस सो रही है."
गोगी गैंग से जुड़ी कथित पोस्ट से सनसनी, क्या गैंगवार है वजह?
वारदात के बाद इस केस में उस वक्त एक बड़ा और सनसनीखेज मोड़ आ गया जब सोशल मीडिया पर कुख्यात 'गोगी गैंग' से जुड़े होने का दावा करने वाले एक कथित अकाउंट से अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने की पोस्ट सामने आई.
इस कथित पोस्ट में दावा किया गया कि अंकित उनके विरोधी गुट के संपर्क में था और उसने गोगी से जुड़ी एक घटना पर गाना बनाया था. पोस्ट में आगे भी अंजाम भुगतने की धमकियां दी गई हैं, जिससे इस मामले में सीधे तौर पर गैंगवार का एंगल जुड़ गया है.
हरियाणा तक पहुंची पुलिस की जांच
सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां, उनकी संख्या और उनके बिना ढके चेहरे पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग बन गए हैं. शामली पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी के आधार पर हमलावरों का रूट ट्रेस कर रही हैं. सूत्रों के मुताबिक पुलिस को संदिग्धों की लोकेशन हरियाणा से जुड़े होने के इनपुट मिले हैं, जिसके बाद एक टीम पड़ोसी राज्य में दबिश दे रही है. हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रही है कि गोगी गैंग की पोस्ट सच है या फिर किसी ने निजी रंजिश के तहत जांच भटकाने के लिए यह साजिश रची है.
ADVERTISEMENT


