'कांग्रेस 50 से ज्यादा सीट न मांगे', सपा सांसद शिवपाल पटेल ने गठबंधन को लेकर दिया बड़ा बयान

न्यूज तक डेस्क

• 11:26 AM • 04 Oct 2026

सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने दावा किया कि 2024 में सपा गठबंधन के बिना कांग्रेस यूपी में एक भी सीट नहीं जीतती. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को रायबरेली से चुनाव लड़ने के लिए भरोसा दिलाया था.

NewsTak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद शिवपाल सिंह पटेल ने कांग्रेस को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अगर सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होता तो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाती.

Read more!

शिवपाल पटेल ने राहुल गांधी के चुनाव लड़ने को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि एक समय राहुल गांधी चुनाव लड़ने से पीछे हटने को तैयार थे. उनके मुताबिक, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के भरोसा दिलाने के बाद राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए.

अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को मनाया

शनिवार को मीडिया से बातचीत में शिवपाल सिंह पटेल ने कहा कि गठबंधन नहीं होता तो कांग्रेस की स्थिति यूपी में बेहद खराब होती. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी अपनी सीट छोड़ने तक के लिए तैयार थे. पटेल के मुताबिक, राहुल गांधी अमेठी की जगह रायबरेली से चुनाव लड़े. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उस समय चुनाव लड़ने को लेकर काफी अनिच्छुक थे.

शिवपाल पटेल ने दावा किया कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को भरोसा दिलाया और चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी से कहा था कि वह चुनाव लड़ें, नहीं तो सपा अपना उम्मीदवार उतार देगी. पटेल ने दावा किया कि अखिलेश यादव के भरोसे के बाद ही राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हुए और जीत हासिल की.

'सपा का एक-एक वोट कांग्रेस को मिला'

शिवपाल पटेल ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के समर्थन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि गठबंधन के तहत कांग्रेस को जहां-जहां सीटें मिलीं, वहां सपा का एक-एक वोट कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में गया. 

यूपी में सीट शेयरिंग पर क्या बोले?

शिवपाल पटेल के इस बयान को उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में भविष्य की सीट शेयरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है. मौजूदा विधानसभा में कांग्रेस के दो विधायक हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के 101 विधायक हैं.

2024 के लोकसभा चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीती थीं. इसमें अयोध्या वाला फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र भी शामिल था. कांग्रेस ने छह सीटों पर जीत दर्ज की थी. बीजेपी 33 सीटों पर रही थी, जबकि एनडीए को कुल 36 सीटें मिली थीं.

पटेल ने कहा, 'हम हर लिहाज से कांग्रेस से बहुत आगे हैं. उन्हें 50 से ज्यादा सीटें नहीं मांगनी चाहिए और इतने में खुश रहना चाहिए. कांग्रेस को सहयोग करना चाहिए, न कि तरह-तरह की बेतुकी या नकारात्मक बातें करनी चाहिए.'

कांग्रेस के जातीय समीकरण पर भी निशाना

शिवपाल पटेल ने कांग्रेस के प्रदेश संगठन में ब्राह्मण नेता को प्रदेश अध्यक्ष और मुस्लिम नेता को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस को कोई फायदा नहीं होने वाला. पटेल ने दावा किया कि दलित पहले मायावती के साथ थे, लेकिन अब सपा की ओर आ गए हैं.

उन्होंने कहा कि दलितों को यह एहसास हो गया है कि कांग्रेस और बीजेपी के शासन में उनका खास उत्थान नहीं हुआ. वहीं, उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार में सभी वर्गों को समान अवसर मिलने का दावा किया.

पटेल ने कहा कि पार्टी का नाम समाजवादी इसलिए रखा गया है. उन्होंने राम मनोहर लोहिया के आदर्शों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों का कल्याण करना है.

'यूपी में हम बहुत बड़े भाई हैं'

जब शिवपाल पटेल से पूछा गया कि अगर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा सीटों में ज्यादा हिस्सेदारी मांगती हैं तो अखिलेश यादव क्या करेंगे, इस पर उन्होंने कहा कि यूपी में सपा बड़ा भाई है.

उन्होंने कहा कि सपा सिर्फ बड़ा भाई नहीं, बल्कि बहुत बड़ा भाई है. उनके मुताबिक, कांग्रेस को इस राजनीतिक वास्तविकता को ध्यान में रखना चाहिए. पटेल ने कहा कि दूसरे राज्यों में कांग्रेस की स्थिति अलग हो सकती है. लेकिन जहां पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ा है, वहां उसे नुकसान हुआ है.

'गठबंधन नहीं हुआ तो कांग्रेस जीरो पर जाएगी'

शिवपाल पटेल ने दावा किया कि सपा-कांग्रेस गठबंधन आगे भी जारी रहता है तो दोनों दलों को फायदा होगा. लेकिन अगर गठबंधन नहीं होता है तो सपा को ज्यादा नुकसान नहीं होगा.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सीटें जीरो तक पहुंच सकती हैं. पटेल ने दावा किया कि अगर कांग्रेस गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ती है तो जनता समझ जाएगी कि वह केवल वोट काटने के लिए उम्मीदवार उतार रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर वोट कटवा की भूमिका में आती है तो उसका आंकड़ा जीरो हो जाएगा.

कांग्रेस ने दिया पलटवार

शिवपाल पटेल के बयान पर कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने सपा पर निशाना साधा. अंशु अवस्थी ने कहा कि समाजवादी पार्टी को ऐसे बयान देने वाले नेताओं को नियंत्रित करना चाहिए. उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन की वजह से ही शिवपाल पटेल सांसद बने हैं. उन्होंने सपा सांसद को अपनी सीमा में रहने और इस तरह के बयान देने से बचने की सलाह दी.