आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अभी से अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है. भले ही पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के शीर्ष नेता सार्वजनिक मंचों से प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करने लगे हैं. पवन पांडेय और विनय शंकर तिवारी के बाद अब पूर्वांचल की हॉट सीट मानी जाने वाली घोसी विधानसभा से सुजीत सिंह के नाम पर लगभग मुहर लग गई है.
ADVERTISEMENT
मंच से शिवपाल यादव ने की सुजीत सिंह को मजबूत करने की अपील
मऊ के घोसी में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मंच पर सुजीत सिंह की मौजूदगी में बड़ा राजनीतिक संदेश दिया. जनसभा को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि सुजीत सिंह को चुनाव लड़ाने का आश्वासन और घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही कर चुके हैं और उन्होंने खुद भी सुजीत के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया था.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए कहा, "अब कोई शक या संशय नहीं रह गया है. बहुत जल्द आधिकारिक घोषणा भी हो जाएगी. आप सभी से अनुरोध है कि आने वाले चुनाव में सुजीत को मजबूत करें. सुजीत अपने पिता सुधाकर जी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे और उसी तरह पार्टी व जनता की सेवा करेंगे."
उपचुनाव न होने को लेकर सरकार पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश सरकार पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि नियमानुसार सीट खाली होने के 6 महीने के भीतर उपचुनाव करा देना चाहिए था, लेकिन एक साल से ज्यादा का समय बीत जाने के बावजूद सरकार ने उपचुनाव नहीं कराया. शिवपाल ने इसे सरकार की बेईमानी करार देते हुए कहा कि अब उपचुनाव नहीं, बल्कि सीधे आम विधानसभा चुनाव का समय आ गया है और चुनाव अब बहुत दूर नहीं है.
पिता की विरासत संभालेंगे सुजीत सिंह
गौरतलब है कि सुजीत सिंह घोसी से सपा के दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह के पुत्र हैं. सुधाकर सिंह ने घोसी उपचुनाव में सपा के टिकट पर शानदार जीत दर्ज की थी, लेकिन लंबी बीमारी के बाद उनके निधन से यह सीट खाली हो गई थी. सुधाकर सिंह क्षेत्र में अपने मशहूर नारे *"जीते के बाद भी पड़वा के नीचे और हारे के बाद भी पड़वा के नीचे"* के लिए जाने जाते थे. उनके निधन के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि सपा उनके बेटे सुजीत सिंह पर दांव लगाएगी, जिस पर अब शिवपाल सिंह यादव ने मंच से मुहर लगा दी है.
ये भी पढ़ें: ट्रेन में सीट को लेकर बवाल! महिला और GRP कॉन्स्टेबल के बीच मारपीट, 6 यात्रियों पर केस
ADVERTISEMENT


