क्या आपने कभी किसी जानवर को बिना रुके लगातार कई दिनों तक एक ही जगह पर गोल-गोल चक्कर काटते हुए देखा है? ज़ाहिर है, अगर ऐसा कुछ अनोखा नज़ारा सामने आए, तो लोग इसे आस्था, दैवीय संकेत या फिर अंधविश्वास से जोड़कर देखने लगते हैं. उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में भी कुछ ऐसा ही हुआ, जिसे देखकर लोगों ने हाथ जोड़ लिए, पूजा-पाठ शुरू कर दी और देखते ही देखते वहां मेला लग गया. लेकिन जब इस मामले में पुलिस और डॉक्टरों की एंट्री हुई, तो इस 'चमत्कार' के पीछे का जो सच सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया.
ADVERTISEMENT
7 दिनों तक लगातार खेत की परिक्रमा
यह हैरान कर देने वाला मामला श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के बसभरिया पुरौना गांव से सामने आया है. ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले हफ्ते शुक्रवार को सुबह के करीब 11:00 बजे एक गाय अचानक एक खेत में उतरी और उसने गोल-गोल घूमना शुरू कर दिया. 1 घंटा, 2 घंटा बीतते-बीतते दिन गुज़रते गए, लेकिन गाय रुक-रुक कर लगातार सात दिनों तक उसी खेत की परिक्रमा करती रही. सोशल मीडिया के इस दौर में जब इसका वीडियो वायरल हुआ, तो दूर-दराज के गांवों से लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. किसी ने इसे 'गौ माता का चमत्कार' माना, तो कोई खुद उस खेत की परिक्रमा करने लगा जहां गाय घूम रही थी. ग्रामीणों में चर्चाएं होने लगीं कि यहां भगवान शिव या बुद्ध की कृपा है या किसी तपस्वी का प्रभाव है. देखते ही देखते आस्था का बाजार गर्म हो गया और वहां भारी भीड़ जुटने लगी.
डॉक्टरों की एंट्री से फूटा अंधविश्वास का गुब्बारा
जहां एक तरफ लोग इसे दैवीय चमत्कार मानकर पूज रहे थे, वहीं दूसरी तरफ इस मामले में पशु डॉक्टरों की एंट्री हुई. मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम गांव पहुंची . जब उन्होंने इस गाय की गहन जांच की, तो अंधविश्वास का गुब्बारा पूरी तरह फूट गया.
डॉक्टरों ने साफ किया कि यह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि एक गंभीर बीमारी है. डॉक्टरों के मुताबिक, यह गाय 'सर्रा रोग' (जिसे हाइपोग्लाइसीमिया भी कहा जाता है) से पीड़ित है. इस बीमारी में जानवरों का मानसिक संतुलन प्रभावित होता है, जिसके कारण वे इस तरह की अजीब और असामान्य हरकतें (जैसे एक ही जगह गोल-गोल घूमना) करने लगते हैं. डॉक्टरों की टीम ने तुरंत गाय का इलाज शुरू कर दिया है और उसके जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई है.
कानून व्यवस्था बिगड़ने पर पुलिस ने संभाला मोर्चा
जैसे-जैसे गाय का वीडियो इंटरनेट पर फैला, गांव में बाहरी लोगों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि वहां कानून व्यवस्था की स्थिति पैदा होने लगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए आठवें दिन पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला. पुलिस ने वहां से अनावश्यक भीड़ को हटाया और हालात को शांत कराया. पुलिस ने गाय को सुरक्षित उसके मालिक के पास भेज दिया है और परिवार को सख्त हिदायत दी है कि घर पर तमाशा या भीड़ न जुटने दी जाए. हालांकि, पुलिस की कार्रवाई और डॉक्टरों के खुलासे के बाद भी कुछ ग्रामीणों के मन से आस्था कम नहीं हुई है और कुछ लोग अब भी उस खेत में पहुंचकर पूजा-पाठ कर रहे हैं, तो कुछ सोशल मीडिया पर गाय के जल्द ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं.
ADVERTISEMENT


