उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से SSC की कांस्टेबल जीडी परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था और हंगामे की बड़ी खबर सामने आई है. भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों का गुस्सा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब परीक्षा केंद्र पर तय क्षमता से दोगुने छात्रों को आवंटित कर दिया गया. बैठने की जगह न मिलने से नाराज छात्रों ने सेंटर पर जमकर तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर दी. बढ़ते विवाद को देखते हुए एसएससी सेंट्रल रीजन ने 25 मई की कुछ पालियों की परीक्षा को रद्द कर दिया है.
ADVERTISEMENT
45 डिग्री तापमान में दोगुनी भीड़
यह पूरा मामला प्रयागराज के अंधवा स्थित सुनीता सिंह सीता सिंह महिला महाविद्यालय के आईटेक जोन एग्जाम सेंटर का है. 25 मई को जब इलाके में चिलचिलाती गर्मी और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार था, तब दूसरी शिफ्ट में परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को पता चला कि सेंटर पर क्षमता से दो गुना लोग बुला लिए गए हैं.
बैठने की जगह न मिलने और अव्यवस्था को देखकर अभ्यर्थियों का सब्र टूट गया. छात्रों के गुस्से का आलम यह था कि उन्होंने सेंटर के भीतर जो सामने आया उसे तोड़ना शुरू कर दिया. कंप्यूटर सिस्टम, मॉनिटर, पंखे, एसी, कूलर, सीसीटीवी कैमरे, सर्वर, जैमर और वाटर कूलर जैसी तमाम संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया.
GD रोड पर चक्का जाम और पुलिस की एंट्री
सेंटर पर तोड़फोड़ करने के बाद आक्रोशित छात्र विरोध प्रदर्शन करते हुए जीडी रोड पर पहुंच गए और चक्का जाम कर दिया. इस वजह से बीजी हाईवे पर लगभग 1 घंटे तक गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं और ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस फोर्स और आला अधिकारी पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों को शांत कराया, सड़क से हटाया और सुचारू रूप से यातायात बहाल करवाया.
क्यों हुआ यह पूरा घालमेल?
एसएससी सेंट्रल रीजन ने इस परीक्षा को कराने का जिम्मा बेंगलुरु की एक एजेंसी (एडुकटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड) को सौंपा था. मीडिया रिपोर्ट्स और सेंटर मैनेजर के मुताबिक, अंधवा के इस आईटेक जोन सेंटर पर कुल 650 कंप्यूटर सिस्टम की क्षमता थी.
इसके बावजूद, दूसरी पाली में 505 के बजाय 1035 अभ्यर्थियों और तीसरी पाली में 495 के बजाय 1034 अभ्यर्थियों को यही सेंटर अलॉट कर दिया गया था. सेंटर प्रबंधन का कहना है कि उन्हें इस अतिरिक्त भीड़ की जानकारी 25 मई को ही ईमेल के जरिए मिली थी, जिसके कारण वे समय रहते इतनी बड़ी संख्या के लिए जरूरी इंतजाम नहीं कर पाए.
SSC ने रद्द की परीक्षा, दोबारा मिलेगा मौका
मामले के तूल पकड़ने और अव्यवस्था को देखते हुए एसएससी सेंट्रल रीजन ने तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए प्रयागराज सहित कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और मुजफ्फरपुर के कुछ चुनिंदा सेंटरों पर 25 मई की दूसरी और तीसरी पाली के एग्जाम को तत्काल प्रभाव से कैंसिल (रद्द) कर दिया है.
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने जब छात्रों को परीक्षा दोबारा कराने का आश्वासन दिया तब जाकर छात्र शांत हुए. अधिकारियों ने कहा कि सेंटर की इस गंभीर अनियमितता को लेकर उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा जा रहा है. आयोग ने आधिकारिक नोटिस जारी कर आश्वस्त किया है कि प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा दोबारा (Re-schedule) आयोजित की जाएगी और उनके नए एडमिट कार्ड जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे.
यहां देखें पूरी वीडियो
ADVERTISEMENT


