हाथ में राइफल और जुबान पर धमकी, सुल्तानपुर के सेवतरी गांव में पूर्व प्रधान ने मचाया तांडव, वीडियो देख दहल जाएंगे आप

UP News: सुल्तानपुर में पेड़ कटान के दौरान पूर्व प्रधान अशोक वर्मा ने राइफल लहराकर मजदूरों को धमकाया और रंगदारी की मांग की. पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

सुल्तानपुर न्यूज
सुल्तानपुर न्यूज

नितिन श्रीवास्तव

follow google news

यूपी के सुल्तानपुर जिले से दबंगई का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है. यहां जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेवतरी गांव में एक पूर्व प्रधान ने अपनी हनक दिखाने के लिए खुलेआम राइफल लहराई और पेड़ काट रहे मजदूरों को काम रोकने की धमकी दी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पूर्व प्रधान कानून को ठेंगे पर रखकर अपनी धौंस जमाते नजर आ रहे हैं.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

गोसाईगंज थाना क्षेत्र के पखनपुर निवासी दिलीप कुमार उपाध्याय ने वन विभाग से नीलामी में सफेदा के 108 पेड़ खरीदे थे. उन्होंने इसके लिए बकायदा सरकारी पैसा जमा किया और विभाग से अनुमति लेने के बाद मजदूरों और मशीनों के साथ पेड़ कटवाने सेवतरी गांव पहुंचे. लेकिन वहां पहले से ही पूर्व प्रधान अशोक वर्मा अपनी बंदूक के साथ उनका इंतजार कर रहे थे.

5 लाख की रंगदारी और धमकी

पीड़ित दिलीप कुमार उपाध्याय का आरोप है कि वालीपुर गांव के पूर्व प्रधान अशोक वर्मा ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया और ₹5 लाख की रंगदारी मांगी. जब पीड़ित ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी ने मजदूरों के साथ मारपीट की और अपनी लाइसेंसी राइफल निकालकर उन्हें दौड़ा लिया. दहशत के मारे मजदूर अपनी जान बचाकर वहां से भाग खड़े हुए.

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई

घटना के दौरान कुछ लोगों ने पूर्व प्रधान की इस करतूत का वीडियो बना लिया, जिसमें वह बंदूक लहराते और धमकी देते साफ नजर आ रहे हैं. पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत जयसिंहपुर कोतवाली में दर्ज कराई है.

सीओ जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी अशोक वर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है [04:20]. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पेड़ों पर अपना दावा ठोकते हुए असलहे का प्रदर्शन कर काम में बाधा डाली थी. फिलहाल मामले की कानूनी जांच और अग्रिम कार्रवाई जारी है.

 

    follow google news